सड़क हादसों में एएसआई समेत पांच लोगों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/गन्नौर। जिले में होली के दिन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एएसआई व छह साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। एएसआई थाने के पास अपनी कार में सवार होकर हाईवे क्रास कर रहे थे। तभी उनकी कार को एक अन्य कार ने टक्कर मार दी। पुरखास रोड पर कार सवार ने छह वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम घटना में वीरवार को जीटी रोड पर जांटी मोड़ के पास अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर एएसआई जयवीर (53) हाईवे क्रास कर रहे थे। पानीपत के गांव मनाना निवासी जयवीर सिंह कुंडली थाना क्षेत्र में ट्रैफिक में तैनात थे। हाईवे क्रासिंग के दौरान पानीपत से दिल्ली की तरफ जा रहे टाटा जेस्ट कार सवार व्यक्ति ने जयवीर की कार को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में जयवीर सिंह घायल हो गए। हाईवे पर अपने पिता का इंतजार कर रवींद्र ने अन्य ट्रैफिक कर्मियों की मदद से अपने पिता को नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में पहुंचाय, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। कुंडली थाना पुलिस ने दिल्ली के बाबू एलएनजेपी अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम कराया। कुंडली थाना पुलिस ने रवींद्र के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रवींद्र ने पुलिस को बताया कि वह गांव रसोई में रहने वाली अपनी रिश्तेदार राज के घर आया था। तभी उसके पिता जयवीर ने उसे फोन किया था कि कुछ देर में उनकी ड्यूटी खत्म हो जाएगी। जिसके बाद वह उसके साथ ही घर चलेंगे। उसने बताया कि इससे पहले कि वह अपने पिता से मिलता वह हादसे का शिकार हो गए।
कार ने छह साल की मासूम को कुचला, मौत
पुरखास-पांची रोड पर गांव उद्देशीपुर के पास स्थित कृष्ण भट्ठा के सामने कार सवार ने छह साल की बच्ची को कुचल दिया। मूलरूप से बिहार के जिला गया के गांव अडवा निवासी राजू ने बताया कि वह कृष्णा भट्ठे पर काम करता है। वह अपनी बेटी रूपा (6) को लेकर सोनीपत जाने के लिए निकला था। भट्ठे के पास पुरखास-पांची रोड पर जब वह वाहन का इंतजार कर रहे थे तो इसी दौरान एक कार ने उसकी बेटी को कुचला दिया। हादसे में उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। गन्नौर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में सड़क हादसे में मजदूर की मौत
बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फेस-2 के गोल चक्कर पर कार की चपेट में आने मजदूर की मौत हो गई। गांव भांवर निवासी राजेश ने पुलिस को बताया कि वह वीरवार दोपहर बाद अपने साथी जालम अहीरवार के साथ बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित ढाबे पर जा रहा था। जालम बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में ही रहता था। फेस-2 गोल चक्कर पर कार ने उसे टक्कर मार दी। उसे सामान्य अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। गन्नौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
गांव आहुलाना के पास बाइक सवार टैंट हाउस संचालक को बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। उनका भाई घायल हो गया। गांव आहुलाना निवासी चांद ने पुलिस को बताया कि उसका सूरज पानीपत के गांव जौरासी में टैंट हाउस चलाता है। वीरवार को वह अपने भाई सूरज के साथ बाइक पर सवार होकर गन्नौर जा रहा था। गांव के पास एक बोलेरो गाड़ी चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे सूरज सड़क पर गिर गया। चांद सड़क किनारे कच्चे में गिरकर चोटिल हो गया। उसने अपने भाई सूरज में राहगीरों की मदद से महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर पहुंचाया, जहां उसके भाई सूरज की उपचार के दौरान मौत हो गई। गन्नौर थाना पुलिस ने बोलरो चालक गांव के राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गाड़ी की टक्कर से महिला की मौत, पति घायल
गांव बड़वासनी के पास गाड़ी की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। फरीदाबाद के गांव शाहपुर कलां निवासी सुरेश चंद्र ने पुलिस को बताया कि बुधवार को अपनी पत्नी तृप्ति (40) के साथ बाइक पर सवार होकर गोहाना अपने रिश्तेदार के घर आया था। रात को वह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर घर जाने के निकला था। जब वह रात करीब साढ़े नौ बजे बड़वासनी नहर पुल पर पहुंचे तो एक गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने दंपती को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर तृप्ति को मृत घोषित कर दिया। सुरेश चंद्र को उपचार दिया जा रहा है। सदर थाना सोनीपत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।