अमर उजाला ब्यूरो
राई। राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोल चक्र पर चार बदमाशों ने एक उद्योगपति की कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उद्योगपति का अपहरण कर लिया। दो बदमाश जहां उद्योगपति का अपहरण कर बारोटा-नाहरा की तरफ भाग गए और दो उनकी कार लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने उद्योगपति के फोन से पिता को फोन कर 15 लाख रुपये फिरौती की मांग कर डाली। उद्योगपति के पुलिस से संपर्क करने व पुलिस की नाकाबंदी के बाद करीब साढ़े चार घंटे में नाहरा-बारोटा के बीच से उद्योगपति को बरामद कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी को देखकर बदमाश उद्योगपति को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण व लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली का रहने वाला राकेश व उसका बेटा अंशुल राई औद्योगिक क्षेत्र में लोहे की फैक्टरी चलाता है। बुधवार को राकेश अपने घर पर ही था और उनका बेटा फैक्टरी में आया था। तीसरे पहर करीब साढ़े तीन बजे अंशुल अपनी होंडा सिटी कार में सवार होकर घर जाने के लिए निकला था। राकेश ने पुलिस को बताया कि जब उसका बेटा राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोल चक्र पर पहुंचा तो इसी दौरान एक अन्य कार सवार चार बदमाशों ने उसके बेटे की कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। कार से दो बदमाश उतरे और उसके बेटे को गन प्वाइंट पर लेकर अपनी गाड़ी में अपहरण कर फरार हो गए। दो अन्य उसके बेटे की कार को लेकर भाग निकले। दोनों बदमाश अंशुल को लेकर राई औद्योगिक क्षेत्र से बारोटा-नाहरा रोड पर चले गए। बदमाशों ने अंशुल के फोन से उसके पिता को फोन कर 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। राकेश दिल्ली से तुरंत राई पहुंचा और राई थाना प्रभारी कुलदीप देशवाल से संपर्क किया। जिस पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने वहां जाकर राकेश से संपर्क किया और उनके बेटे की मोबाइल की लोकेशन की तलाश शुरू कर दी। राई थाना पुलिस के साथ ही डीएसपी मुख्यालय जितेंद्र कुमार, सीआईए-2 प्रभारी अजय धनखड़ व बारोटा चौकी की टीम ने भी नाकाबंदी बढ़ा दी। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद नाहरा-बारोटा रोड पर अंशुल पुलिस को मिला। पुलिस का दावा है कि पुलिस की घेराबंदी के बाद पकड़े जाने के भय से बदमाश अंशुल को छोड़कर फरार हो गए।
साढ़े चार घंटे तक दहशत में रहा उद्योगपति
उद्योगपति अंशुल करीब साढ़े चार घंटे तक बदमाशों के चंगुल में रहा। अंशुल ने पुलिस का बताया कि साढ़े चार घंटे उसके दहशत में व्यतीत हुए। हर पल उसे लग रहा था कि कभी भी बदमाश उसे गोली मार सकते हैं। एक बदमाश उसे गन प्वाइंट पर लिए थे। हर समय वह उसे डराकर पिता राकेश से पैसे मंगवाने को कह रहे थे। जिसके चलते ही उसने अपने पिता को फोन कर फिरौती की राशि उन्हें देने को कहा था।
कार को लूटकर भाग गए बदमाश
पुलिस ने नाकाबंदी कर उद्योगपति को सकुशल बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया है। हालांकि बदमाश उद्योगपति की होंडा सिटी कार लूटकर फरार हो गए। उसमें कुछ नकदी भी बताई गई है। राई थाना प्रभारी कुलदीप देशवाल ने बताया कि उनकी प्राथमिकता उद्योगपति के बेटे को सकुशल बरामद करने की। पुलिस ने उसे सकुशल छुड़वा लिया है।
राई औद्योगिक क्षेत्र से उद्योगपति का अपहरण किया गया था। जिस पर तुरंत अलग-अलग टीम बनाकर घेराबंदी की गई। बदमाशों ने 15 लाख की फिरौती मांगी थी, हालांकि पुलिस की घेराबंदी के बाद वह उद्योगपति को छोड़कर भाग निकले। पुलिस बदमाशों के बारे में सुराग लगा रही है। उनका पता लगाकर काबू कर लिया जाएगा।
- जितेंद्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय, सोनीपत।