डाटा केबल के पैसे मांगे तो साथियों के साथ मिलकर पीटा, दो घायल
- दुकानदार का आरोप, साथी से 15 हजार रुपये छीनने के साथ दुकान में की तोड़फोड़
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। शहर के गोपालपुर मार्ग पर एक दुकान से डाटा केबल खरीदने के बाद युवक ने पैसे देने की बजाय भागने का प्रयास किया। दुकानदार के विरोध करने पर युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकानदार व उसके साथी को पीट दिया। साथ ही उनसे पैसे छीन लिए और दुकान में भी तोड़फोड़ कर दी। घायल पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन है।
वार्ड-9 स्थित प्रताप कॉलोनी निवासी विनोद ने बताया कि उसकी गोपालपुर मार्ग पर मोबाइल की दुकान है। वीरवार को वह और उसका साथी विजय कुमार दुकान पर थे। इसी दौरान गोपालपुर गांव का सचिन डाटा केबल लेने के लिए आया था। उसे डाटा केबल देने के बाद जब उससे पैसे मांगे गए तो उसने पैसे देेने के बजाय भागने का प्रयास किया। इस पर उन्होंने विरोध करते हुए उसे पकड़ लिया। जिससे उसके साथ कहासुनी हो गई। बाद में सचिन दो अन्य साथियों के साथ उनकी दुकान पर आया और डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने विजय के पास से 15 हजार रुपये भी निकाल लिए। साथ ही मोबाइल उठाने के साथ दुकान में तोड़फोड़ भी कर दी। बाद में वह फरार हो गए। राहगीरों ने उसे व विजय को गंभीर हालत में खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उन्हें गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने विनोद के बयान पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्जन
दुकानदार ने मारपीट व तोडफ़ोड़ की शिकायत दी है। जिस पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द आरोपी काबू किए जाएंगे।
वजीर सिंह, थाना प्रभारी, खरखौदा