पति सहित अन्य पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। गांव कारौली निवासी एक विवाहिता ने अपने पति सहित ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और जहरीला पदार्थ खिलाने के प्रयास करने का आरोप लगाकर नाहड़ पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार विवाहिता मीनाक्षी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसका विवाह मई 2013 में कारौली गांव के सतबीर के साथ हुआ था। उसके माता-पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज भी दिया था। परंतु उसके ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। ससुराल के लोग आए दिन दहेज को लकर उसे परेशान करते थे। 7 जून को उसकी सास की बहन बीरी और उसकी सास ने उसे ठंडाई में कोई पदार्थ डालकर उसे पिलाने का प्रयास किया। मना करने पर सास जसवंती, सास की बहन बहन बीरी और पति सतबीर ने उसके साथ मारपीट की जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने अपनी आप को कनीना के एक निजी अस्पताल में पाया। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।