गन प्वाइंट पर इनोवा लूटने वाला गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
दिल्ली से इनोवा गाड़ी को बुकिंग कर लाने के बाद गांव गढ़ी हकीकत के पास लूटने के मामले में सीआईए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गोहाना बाईपास से लूटी गई गाड़ी से दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से गांव बड़वासनी फिलहाल दिल्ली के कृष्ण विहार का रहने वाला संदीप उर्फ तेजेंद्र है।
मूलरूप से जम्मू के राजौरी फिलहाल चिराग दिल्ली निवासी मोहम्मद शरीफ ने वीरवार को मोहाना थाना में शिकायत दी थी कि वह अपनी इनोवा गाड़ी को टैक्सी में चलाता है। सुबह एक युवक ने दिल्ली के ग्रीन पार्क से उसकी इनोवा गाड़ी को सोनीपत जाने के लिए बुक किया था। सोनीपत आने के बाद युवक ने कहा था कि उसे अपनी बहन को गांव से लेकर आना है। जिसके चलते वह उसे लेकर चल दिया था। गांव गढ़ी हकीकत के बस अड्डे पर युवक ने पिस्टल दिखाकर उसे गाड़ी से नीचे उतार दिया, और उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गया था। मोहाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ में नियुक्त एएसआई रमेश, सुरेश कुमार, अनिल व धीरज की टीम ने कार्रवाई करते हुए लूटी गई गाड़ी सहित संदीप उर्फ तेजेंद्र को गोहाना बाईपास से काबू कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज है लूट के पांच मामले
सीआईए स्टाफ पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाश संदीप के खिलाफ दिल्ली व सोनीपत के थानों में पहले ही पांच मामले दर्ज कर है। इनमें गाड़ी व नकदी लूट के मामले शामिल हैं। जिनमें उसे पहले भी गिरफ्तार किया गया था।
लूट की वारदात का पता लगते ही बदमाश की तलाश में टीम को भेजा गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में ही बदमाश को लूटी गई गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया है। उससे हथियार बरामद करने के लिए रिमांड पर लिया है।
इंदीवर, प्रभारी, सीआईए सोनीपत।