अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
गांव गुहणा से छह दिन पहले बाइक लेकर निकले युवक के बारे में परिजनों को पता चला। सड़क हादसे में घायल होने की वजह से युवक को पीजीआई में भर्ती कराया गया था। वीरवार को जब परिजन उसके पास पहुंचे तो कुछ ही देर में युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव गुहणा निवासी सतपाल छह दिन पहले अपने पड़ोसी दीपक की बाइक लेकर घर से निकला था। उसके बाद वह अचानक लापता हो गया। वीरवार शाम को परिजनों को पता लगा कि सतपाल सड़क हादसे में घायल होने के चलते पीजीआई, रोहतक में दाखिल है। जिस पर परिजन अस्पताल में पहुंचे तो वहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने सतपाल के भाई सुरेश के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
30 दिसंबर को सामान्य अस्पताल में हुआ था भर्ती
सतपाल को सामान्य अस्पताल में 30 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। उसे पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया था।
बाइक का नहीं लगा सुराग
सतपाल जिस बाइक पर सवार होकर निकला था उसका अभी तक कोई सुराग नहीं हैं। पुलिस ने बाइक का पता लगाने के लिए प्रयास तेज कर दिया है।