गिरफ्तार कृष्ण गाठा गिरोह के सदस्यों से दो पिस्टल सहित चार हथियार व लूटी गई सफारी बरामद
-सीआईए-2 की टीम ने मुठभेड़ के बाद किया था 11 बदमाशों को गिरफ्तार, हिसार से लूटी थी सफारी गाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। मुरथल के पास सीआईए-2 ने मुठभेड़ के बाद 50-50 हजार के पांच इनामी समेत 11 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। उनसे भारी मात्रा में हथियार व 10.23 लाख रुपये भी बरामद किए थे। उन्हें 10 दिन के रिमांड पर लिया गया था। शनिवार को उनकी रिमांड अवधि पूरी हो गई। पुलिस ने उनके कब्जे से चार हथियार व एक लूटी गई सफारी गाड़ी और बरामद की है। रिमांड अवधि के बाद उन्हें अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विदित रहे कि सीआईए-2 प्रभारी अजय धनखड़ की टीम ने दिवाली की रात कुमासपुर के पास खेतों से मुठभेड़ के बाद 11 बदमाशों को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में पुलिस का जवान अमित घायल हो गया था। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगकर पवन उर्फ पौना घायल हो गया था। साथ ही भागने का प्रयास करते हुए गिरोह का सरगना कृष्ण उर्फ गाठा घायल हो गया था। पुलिस ने बाद में गिरोह के सरगना गांव आहुलाना निवासी कृष्ण उर्फ गाठा, गांव मदीना निवासी पवन उर्फ पौना, मदीना निवासी नीटू उर्फ सिटा, नाहरी निवासी दिनेश उर्फ पहलवान, जागसी निवासी महिपाल उर्फ माल्हा, हरसाना कलां निवासी अमित उर्फ मोटा, दिल्ली के नांगलोई निवासी सुनील पुनिया, हिसार के बुढ़ा खेड़ा गांव निवासी प्रमोद उर्फ पम्मी, जिला जींद के गांव अलेवा निवासी रवेंद्र उर्फ गोलू, रोहतक के गांव बलियाना निवासी रविंद्र व गढ़ी सांपला निवासी पवन को गिरफ्तार किया था। बदमाशों के पास से मुठभेड़ के दौरान ही एके 47 व कारबाइन समेत नौ हथियार मिले थे। उनसे लूटी गई दो गाड़ियां व 10.23 लाख रुपये भी बरामद किए थे। पुलिस ने आरोपियों को 10 दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान एक बदमाश ने मनोज पंडित की दिल्ली में हत्या करना भी स्वीकार किया था। शनिवार को आरोपियों की रिमांड अवधि पूरी हो गई। पुलिस ने उनसे दो 9 एमएम की पिस्टल, 12 बोर की डोगा गन व एक तमंचा और बरामद किया है। साथ ही हिसार से लूटी गई सफारी गाड़ी को भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया है।
वर्जन
बदमाशों को दस दिन के रिमांड पर लिया गया था। कई बड़ी वारदातों से पर्दा उठा था। उनसे चार अवैध हथियार व लूटी गई सफारी गाड़ी भी बरामद की है। शनिवार को बदमाशों की रिमांड अवधि समाप्त हो गई है। उन्हें न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अजय धनखड़, प्रभारी, सीआइए-2 सोनीपत।