कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचला, पिता की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। गांव सैदपुर के पास कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया। हादसे में घायल पिता की मौत हो गई, वहीं बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे उपचार के लिए पीजीआई, रोहतक में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव सैदपुर निवासी विजय सिंह और उसका बेटा जसवंत दवाई लेने के लिए अपनी बाइक पर गांव फिरोजपुर बांगर गए थे। दोनों पिता-पुत्र जब दवा लेकर वापस लौट रहे थे तो एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे के बाद भीड़ के एकत्रित हो जाने के कारण कार चालक मौका पाकर फरार हो गया। वहीं दिल्ली में ड्यूटी कर वापस घर लौट रहे विजय सिंह के बड़े बेटे जसबीर ने अपने पिता व भाई को राहगीरों की मदद से खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। यहां से दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान विजय सिंह की मौत हो गई, वहीं जसवंत का वहां पर इलाज चल रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जसबीर की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।