अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। खरखौदा-रोहतक मार्ग पर सिसाना के पास ट्रक की चपेट में से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। उसका पति घायल हो गया। घायल को गंभीर हालत में पीजीआई, रोहतक में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
रोहतक के गांव सुढ़ाना निवासी मंजीत (27) शनिवार दोपहर को अपनी पत्नी मीना (25) के साथ बाइक पर सोनीपत जा रहा था। जब वह खरखौदा से सिसाना रोड पर एनसीआर वाटर चैनल नहर के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में लिया। हादसे में मंजीत सडक़ के किनारे जा गिरा, वहीं मीना ट्रक के नीचे कुचली गई। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। हादसे में घायल मंजीत को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने उसे पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल, सोनीपत भिजवा दिया। जांच अधिकारी एएसआई सुभाष का कहना है कि घायल मंजीत के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।