अमर उजाला ब्यूरो,
गोहाना। राज्य महिला आयोग की टीम ने -अमर उजाला- में प्रकाशित समाचार मेडिसन विभाग के अध्यक्ष द्वारा छात्रा से दुव्र्यवहार पर संज्ञान लेते हुए इस मामले की जांच करने का फैसला किया है। महिला आयोग की अध्यक्षा प्रतिभा सुमन अपनी टीम के साथ वीरवार बीपीएस मेडिकल कालेज का दौरा करेंगी। वह संबंधित छात्रा से भी बातचीत कर सकती हैं।
राज्य महिला आयोग द्वारा बीपीएस मेडिकल कालेज के निदेशक को पत्र भेजकर सूचना दी है कि वह 28 दिसंबर को महिला मेडिकल में जांच करने के लिए पहुंच रही हैं। उन्होंने इस बारे में सोनीपत के डीसी व एसपी को पत्र भेजकर सूचित किया है। राज्य महिला आयोग द्वारा निदेशक को भेजे गए पत्र की प्रति अमर उजाला के पास है। पत्र में कहा गया है कि कश्मीर की रहने वाली छात्रा से दुव्र्यवहार के मामले की जांच की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
वर्जन
मुझे महिला आयोग के आने की जानकारी नहीं
मैं वीरवार को अपने निजी काम से छुट्टी पर हूं। किसी मामले की जांच के लिए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन के आने की कोई जानकारी नहीं है।
डा. पीएस गहलोत, निदेशक, मेडिकल कालेज खानपुर कलां।