अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना।
गांव भैंसवाल कलां के पास नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही सदर गोहाना थाना पुलिस के बैरिकेड पर टाटा-407 चालक ने सीधी टक्कर मार दी। बाद में जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो कैंटर सवार हमलावरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की तो कैंटर पलट गया। हालांकि बदमाश उसमें से उतरकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी सेठी मलिक शनिवार रात को अपनी टीम के साथ फरमाणा रोड स्थित गांव भैंसवाल कलां के पास नाका लगा कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गांव फरमाणा की तरफ से टाटा 407 वाहन आया तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। जिस पर वाहन चालक ने पहले गति धीमी की और नाका पर पहुंचने पर गति बढ़ा दी। वाहन से बैरिकेड को टक्कर मार दी और उसमें सवार बदमाश भाग निकले।
पुलिस ने उनका पीछा किया तो एक बदमाश ने फायर करने शुरू कर दिए। जिस पर थाना प्रभारी सेठी मलिक ने भी बचाव में कई फायर किए। जिसके चलते कनाना मार्ग पर टाटा 407 वाहन पलट गया और उसमें सवार छह-सात बदमाश अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया तो उस पर यूपी नंबर लिखा मिला। वाहन में कोई दस्तावेज नहीं मिला। प्रभारी सेठी मलिक की शिकायत पर सदर थाना में छह-सात अज्ञात के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।