अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/कुंडली।
हाईवे पर नाथूपुर के पास कार सवार सात बदमाशों ने अमेजन कंपनी के कैंटर चालक को अपनी कार में बंधक बनाकर कैंटर में भरा लाखों का सामान लूट लिया। बदमाश बाद में चालक को ओमेक्स सिटी के पास उसके कैंटर से थोड़ी दूर पर उतारकर फरार हो गए। कैंटर चालक ने मामले की सूचना कंपनी सुपरवाइजर व पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है। बदमाश चालक को करीब डेढ़ घंटे तक अपनी कार में अपहरण कर हाईवे पर घूमाते रहे। कुंडली थाना क्षेत्र में दो दिन के अंदर लूट की यह दूसरी वारदात है।
मूलरूप से मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर के गांव ईशानगर निवासी मुन्ना खान ने बताया कि वह सुरेंद्र बाबू के कैंटर पर चालक है। वह अपने कैंटर में दिल्ली के महिपालपुर से अमेजन कंपनी का सामान लेकर अलग-अलग स्थानों पर पहुंचाता है। वह सोमवार रात करीब डेढ़ बजे दिल्ली से सामान के 126 बैग लेकर सोनीपत ब्रांच के लिए निकला था। उनमें कंपनी के विभिन्न आईटम थे। जब वह रात तीन बजे नाथूपुर के पास पहुंचा तो इसी दौरान कार सवार युवकों ने उसे आवाज देकर रुकवा लिया। उन्होंने कहा कि वह कैंटर से पीछे एक्सीडेंट कर आया है। जिस पर उसने नाथूपुर चौक पर कैंटर को रोक दिया।
उसके कैंटर के रोकते ही कार सवार पांच युवकों ने उसे जबरन नीचे उतार लिया। दो युवकों ने जबरदस्ती कर उसे अपनी कार में बैठा लिया। कार में पहले से ही दो युवक मौजूद थे। बाद में चारों उसे कार में लेकर पानीपत की तरफ चल दिए। करीब 20-25 किलोमीटर घूमाने के बाद वह उसे लेकर वापस मुरथल की तरफ चल दिए। इस दौरान वह लगातार फोन पर अपने अन्य साथियों से बातचीत करते रहे। बाद में वह उसे लेकर ओमेक्स सिटी के पास पहुंचे और उसे नीचे उतार दिया। साथ ही उसे कहा कि उसका कैंटर ओमेक्स सिटी के गेट पर खड़ा है। वह कैंटर के पास पैदल पहुंचा तो चाबी भी सीट पर रखी मिली। उसने कैंटर के पीछे जाकर देखा तो दरवाजे की सील टूटी मिली। उसके अंदर से अमेजन कंपनी के सभी बैग गायब थे। उसने अपने साथ हुई लूट की जानकारी सुपरवाइजर व पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद लूट व अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
लगातार दो दिन में दूसरी वारदात
कुंडली थाना क्षेत्र में लगातार दो दिन के अंदर लूट की यह दूसरी वारदात है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे ही बदमाशों ने एक पेट्रोप पंप के सेल्समैन को गोली मारकर साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी थी कि मंगलवार तड़के करीब तीन बजे लूट की दूसरी वारदात को अंजाम देकर बदमाश निकल भागे।
डेढ़ घंटे तक हाईवे पर घूमाते रहे बदमाश
बदमाश कैंटर चालक को अपनी कार में बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर ही घूमाते रहे। वह उसे करीब 25 किलोमीटर दूर पानीपत की तरफ लेकर गए और वहां से फिर वापस ओमेक्स सिटी, कुमासपुर तक लेकर आए और वहां छोड़कर फरार हो गए। उसके बावजूद कहीं पुलिस ने उनकी चैकिंग तक नहीं की। इतना ही नहीं कैंटर को भी बदमाशों ने लूटकर अनलोड किया और फिर ओमेक्स सिटी के गेट पर खड़ा कर दिया। उसके बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी।
कुंडली थाना के जांच अधिकारी रामबीर ने कहा कि कैंटर चालक ने लूट की शिकायत दी है। वह अमेजन कंपनी का सामान लेकर जा रहा था। लूट व अपहरण का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही बदमाशों का पता लगाकर काबू किया जाएगा।