बुलेट से पटाखे छोड़ने से रोका तो युवक की दो गोलियां मारकर हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव सेहरी में बुधवार देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी में बीचबचाव के बाद समझौता भी हो गया था। इसके बाद हमलावर युवक को कार में अपने साथ ही बैठाकर ले गए और गांव से बाहर ले जाकर उसे गोली मारकर फेंक दिया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव सेहरी निवासी प्रमोद (33) गांव के ही बस स्टैंड पर किरयाना की दुकान चलाता था। बुधवार दिन में दुकान के बाहर उसके बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही दीपक अपनी बुलेट बाइक लेकर आया और उससे पटाखे छोड़ने लगा। जिस पर प्रमोद ने उसे टोकते हुए बच्चों के डर जाने या कोई हादसा होने की बात कही थी। इस दौरान तो दीपक अपनी बाइक लेकर मौके से चला गया लेकिन शाम करीब साढ़े छह बजे वैगन आर कार में सवार होकर गांव के ही आशीष, राजकुमार व अजय के साथ आया और दिन की मामूली बात को लेकर प्रमोद से कहासुनी करने लगे। इसी बीच उनकी बातें सुनकर ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। जिसके बाद इस मामले में उनकी सुलह करा दी। इसके बाद आरोपी प्रमोद को अपनी गाड़ी में ही बैठा लिया और अपने साथ लेकर जाने लगे। ग्रामीणों ने सोचा इनके मन में कहासुनी को लेकर कोई मलाल होगा तो बातचीत करके खत्म कर लेेंगे। लेकिन इसके कुछ देर बाद ही प्रमोद के परिजनों को सूचना मिली कि प्रमोद गंभीर हालत में निरथान रोड पर एक ईंट भट्ठे के पास पड़ा हुआ है। परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे खरखौदा के सीएचसी में दाखिल करवाया। यहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता लगा कि प्रमोद को दो गोलियां मारकर उसकी हत्या की गई है। एक गोली बाएं पैर पर लगी है वहीं दूसरी गोली दाएं कंधे पर लगी थी। पुलिस ने शव का कब्जे में ले लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
---
परिजनों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। खरखौदा पुलिस व एसआईटी की टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए भेजी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-हरेंद्र कुमार, डीएसपी खरखौदा।