मोहाना थाना पुलिस ने कहा कि परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। छात्र का सहपाठियों संग तीन दिन पहले मामूली कहासुनी पर झगड़ा हुआ था, उसी की रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
हरियाणा के सोनीपत में तीन दिन पहले हुई मामूली कहासुनी की रंजिश में गांव जुआं के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र की सहपाठियों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। छात्र की दिनदहाड़े हुई हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर एफएसएल की टीम ने गांव पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गांव जुआं निवासी संदीप ने बताया कि उसका चचेरा भाई अक्षित (16) गांव के राजकीय स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र था। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे छुट्टी के बाद अक्षित जैसे ही स्कूल गेट पर पहुंचा, कुछ छात्रों ने उसकी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। धारदार हथियारों से गर्दन, छाती व सिर पर वार किए।
स्कूल के विद्यार्थी व स्टाफ के बाहर आते ही हमलावर भाग निकले। अक्षित को तुरंत महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल खानपुर ले जाया गया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि हत्या गांव के ही लड़कों ने की है। जिन पर आरोप लगा है, वह सभी नाबालिग बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
गांव जुआं के स्कूल के बाहर 10वीं कक्षा के छात्र की धारदार हथियार व डंडे से हत्या की गई है। हत्या का आरोप सहपाठियों पर लगा है। जिन पर आरोप है, उनकी पहचान कर ली गई है। पुलिस पता लगा रही है आरोपी बालिग हैं या नाबालिग। मामले में गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। -अरुण कुमार, थाना प्रभारी, मोहाना