सोनीपत। देश में फिर से कोरोना के मामले मिल रहे हैं। उपमंडल नागरिक अस्पताल गोहाना में कोरोना संक्रमित को भर्ती करने के लिए सात बेड का वार्ड बनाया गया है। कोरोना जांच के लिए विभाग के पास वीटीएम ट्यूब उपलब्ध है, लेकिन रैपिड एंटीजन किट नहीं है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए तैयारी करने के निर्देश दिए है, लेकिन अस्पताल में अब तक नमूने नहीं लिए गए हैं।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में मरीजों को उपचार के लिए ऑक्सीजन की किल्लत का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सरकार ने बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के साथ ही गोहाना स्थित 50 बेड के नागरिक अस्पताल में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया था।
अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए एक संस्था की तरफ से 100 लिक्विड प्रति यूनिट (एलपीएम) क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट मार्च 2022 में स्थापित किया गया था, ताकि मरीजों को ऑक्सीजन की कमी न हो, पर प्लांट चालू नहीं हुआ है। नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी, सामान्य वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, प्रसूति केंद्र में ऑक्सीजन के लिए सिलिंडर इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
अस्पताल के द्वितीय तल पर आईसीयू भी बंद है। खपत के अनुसार ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए प्लांट को चालू किया जाना आवश्यक है। बिजली निगम से कनेक्शन न मिलने के कारण प्लांट चालू नहीं हो सका है।
वीटीएम ट्यूब उपलब्ध, नहीं भेजे जा रहे सैंपल
उपमंडल नागरिक अस्पताल में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए वीटीएम ट्यूब उपलब्ध है। उसके बाद भी संदिग्ध लोगों सैंपल नहीं लिए जा रहे। इन सैंपलों काे जांच के लिए गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेजा जाना है। विभाग के पास रैपिड एंटीजन किट तक नहीं है। जिससे मौके पर कोरोना संक्रमण का पता लगाया जा सके।
अस्पताल में कोरोना संदिग्ध लोगों को भर्ती करने के लिए वार्ड आरक्षित कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए वीटीएम उपलब्ध है। कोरोना के लक्षण मिलने के बाद नमूने लेने शुरू कर दिए जाएंगे। ऑक्सीजन प्लांट को चालू करने के लिए कनेक्शन लेने को बिजली निगम को पत्र लिखा हुआ है। कनेक्शन मिलने के बाद प्लांट चालू कर दिया जाएगा। -डॉ. संजय छिक्कारा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, उपमंडल नागरिक अस्पताल।