सोनीपत। कोरोना वैक्सीन का इंतजार अब खत्म हो गया है। शनिवार को 125 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली बार कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएचसी बढ़खालसा को छोड़कर नागरिक अस्पताल, सीएचसी गन्नौर, महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां, पीएचसी मुरथल व निदान अस्पताल में 25-25 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगेगी। पीएचसी मुरथल में स्वास्थ्यकर्मियों को कोवैक्सीन व अन्य केंद्रों पर कोविशील्ड लगाई जाएगी। शनिवार को नागरिक अस्पताल, सीएचसी गन्नौर व बढ़खालसा में वैक्सीन पहुंचाई जा चुकी है।
पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मियों को पहली बार कोरोना वैक्सीन लगाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को वैक्सीन स्टोर से नागरिक अस्पताल व सीएचसी बढ़खालसा में 500-500 व सीएचसी गन्नौर में 200 वैक्सीन भेजी गई। महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में 1388, नागरिक अस्पताल में 988, सीएचसी गन्नौर में 208, सीएचसी बढ़खालसा में 193, पीएचसी मुरथल में 108 व निदान अस्पताल में 148 चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों को पहली बार वैक्सीन लगाई जाएगी। नागरिक अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों में तीन कमरों के टीकाकरण केंद्र तैयार किए गए हैं। पहला प्रतीक्षा कक्ष होगा, इसमें टीकाकरण कराने वाले लोगों को बैठाया जाएगा, दूसरा टीकाकरण कक्ष होगा, यहां पर वैक्सीन लगाई जाएगा। इसके बाद उन्हें आधे घंटे तक अपनी निगरानी में रखेंगे।
-
इन कर्मियों को नहीं लगेगी वैक्सीन
कोरोना वैक्सीन को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गाइडलाइन जारी की जा चुकी है। जो महिला कर्मी गर्भवती हैं, जो बच्चा को स्तनपान कराती हो और एलर्जी से ज्यादा पीड़ित कर्मचारी हैं, उनको कोरोना वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मंत्रालय की ओर से वैक्सीन को लेकर जारी दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को रविवार व बुधवार के अलावा सरकारी अवकाश पर कोरोना वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी।
-
पीएचसी मुरथल में ही लगेगी कोवैक्सीन
पीएचसी मुरथल में 108 कर्मचारी कार्यरत हैं। कुरुक्षेत्र स्थित स्टेट वैक्सीन स्टोर से एक दिन पहले 10310 डोज कोविशील्ड व 2200 डोज कोवैक्सीन की मिली है। पीएचसी मुरथल में उद्घाटन के मौके पर ही स्वास्थ्यकर्मियों को कोवैक्सीन लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां, पीएचसी मुरथल व निदान अस्पताल में शनिवार सुबह वैक्सीन भेजी जाएगी। पहले दिन 25-25 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। सोमवार को हर सेंटर पर 100-100 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर रही है।
--
सीएचसी में पहुंची कोविशील्ड की 200 डोज
फोटो 22: सीएचसी गन्नौर में कोरोना वैक्सीन प्राप्त करती एसएमओ डॉ. टीना आनंद।
गन्नौर। कोरोना बचाव के लिए शुक्रवार को कोविशील्ड की पहली खेप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंची। शनिवार से सीएचसी में कोरोना वैक्सीन लगाने का शुभारंभ किया जाएगा। एसएमओ डॉ. टीना आनंद ने बताया कि पहली खेप में 200 डोज आई हैं। पहले चरण में पंजीकृत स्वास्थ्यकर्मियों यह डोज दी जाएगी। डॉ. टीना ने बताया कि इसके लिए पहले से ही स्वास्थ्यकर्मियों के आनलाइन पंजीकरण करवाए गए थे। उसके बाद सभी सरकारी कर्मचारियों और उसके बाद 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। इस दौरान उनके साथ डॉ. रोहताश भल्ला, स्वास्थ्य निरीक्षक रमेश धनखड़ भी मौजूद रहे।
वर्जन
कोरोना वैक्सीन के अभियान शुरू करने के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। सभी टीमों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। उदघाटन के मौके पर नागरिक अस्पताल समेत पांच सेंटरों पर 25-25 स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। डॉ. जेएस पूनिया, सिविल सर्जन