सोनीपत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मौके पर 21 जून को स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेगा टीका दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए कुरुक्षेत्र स्थित स्टेट वैक्सीन स्टोर से 3000 वैक्सीन मिली है। विभाग की ओर से एसीएस राजीव अरोड़ा के आदेश पर जिले में 100 स्थानों पर टीकाकरण कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए विभाग ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले में स्वास्थ्य अधिकारियों ने सोमवार को 25000 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य तय किया है।
21 जून को मनाए जाने वाले मेगा टीका दिवस के मौके पर 18 से 44 आयु वर्ग और 45 से ज्यादा आयु वर्ग के लोगों को पहले ऑनलाइन पंजीकरण करवाने की जरूरत नहीं है। इनका मौके पर ही पंजीकरण होगा। ऐसे में सभी लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए आधार कार्ड लाना जरूरी है। जिन लोगों को रविवार को पहली बार यह वैक्सीन लगी है, ठीक उन्हीं लोगों को दोबारा वैक्सीन लगाई जाएगी। लेकिन कोरोना से बचने के लिए अब भी मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहना होगा। साथ ही लोगों को एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाए रखनी होगी।
-
श्री दिगंबर जैन मंदिर में 145 लोगों को वैक्सीन लगी
शहर के बड़ा हलवाई हट्टा स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में रविवार को टीकाकरण शिविर लगाया गया। शिविर के दौरान पीएचसी जटवाड़ा से पहुंची एएनएम मीनू व सुदेश ने 145 लोगों को वैक्सीन लगाई। इस दौरान मंदिर कार्यकारिणी के प्रधान हेमंत भूषण जैन, सचिव मनीष जैन, कोषाध्यक्ष अवनीश जैन, सन्नी जैन, अश्विनी जैन ने विशेष भूमिका निभाई। शिविर में पहुंची समाजसेवी शांता जैन ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया। कैंप लगवाने के लिए महिलाओं के समूह मेरी पहचान ने भी भूमिका अदा की।