फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नियम 134ए : डीईईओ कार्यालय पर 2 घंटे चली बैठक, निजी स्कूलों ने मांगा दो दिन का समय

विज्ञापन
डीईईओ कार्यालय के गेट पर पात्र विद्यार्थियों को दाखिला दिलवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते अभ? - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
नियम 134ए के तहत पात्र विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलवाने मेें आ रही बाधा अभी पूरी तरह दूर नहीं हो पाई है। सोमवार को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर शिक्षा अधिकारियों व निजी स्कूल संचालकों की बैठक में दो घंटे तक मुद्दों पर बातचीत हुई। पात्र विद्यार्थियों को दाखिला देने की बात पर निजी स्कूल संचालकों ने शिक्षा अधिकारियों से दो दिन का समय मांगा है। इस समयावधि में वह सभी निजी स्कूलों के संचालकों के साथ बैठक कर से चर्चा करेंगे, उसके बाद अपने निर्णय की जानकारी देंगे। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि निजी स्कूलों के साथ दो घंटे तक चली बैठक सकारात्मक रही है।
विज्ञापन

नियम 134ए के तहत मूल्यांकन परीक्षा के बाद 2544 विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट किए गए थे। अब तक 980 विद्यार्थियों का ही हुआ दाखिला सुनिश्चित हो पाया है। शेष विद्यार्थियों के अभिभावक निजी स्कूलों व अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर निजी स्कूल संचालकों की बैठक का पता लगने के बाद छात्र-अभिभावक संघ के नेतृत्व में अभिभावक डीईईओ कार्यालय पर पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र गौतम ने कहा कि नियम 134ए के तहत पात्र विद्यार्थियों को दाखिला दिलवाने में सरकार, प्रशासन व शिक्षा विभाग विफल रहे हैं। बार-बार आदेशों की अवहेलना की जा रही है। ऐसे में शिक्षा मंत्री को पहल करते हुए दाखिले दिलवाने चाहिए। साथ ही दाखिला न दिलवा पाने पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
बैठक में पहुंचे 13 निजी स्कूल संचालक
पात्र विद्यार्थियों को अलॉट स्कूल में दाखिला सुनिश्चित करवाने के लिए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र नरवाल ने सोनीपत ब्लॉक के 16 निजी स्कूल संचालकों की बैठक बुलाई थी। बैठक में हरियाणा संयुक्त विद्यालय संघ के प्रधान अजमेर के नेतृत्व में 13 निजी स्कूल संचालक पहुंचे। डीईईओ बिजेंद्र नरवाल, बीईओ कृष्णा सहरावत और नियम 134ए के प्रभारी मनोज वर्मा ने दाखिले में आ रही बाधा सहित अन्य मुद्दों पर निजी स्कूल संचालकों के साथ बातचीत की। दो घंटे तक चली बैठक के बाद निजी स्कूल संचालकों ने अन्य स्कूल संचालकों के साथ बातचीत करने के बाद ही कोई फैसला लेने की बात कही है। इसके लिए निजी स्कूल संचालकों ने दो दिन का समय मांगा है।
विज्ञापन

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
छात्र-अभिभावक संघ के नेतृत्व में सोमवार सुबह अभिभावक डीईईओ कार्यालय पर पहुंचे और बच्चों को दाखिला दिलवाने की मांग की। शिक्षा अधिकारियों ने अभिभावकों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया। संघ की उपाध्यक्ष प्रवेश कुमारी ने कहा कि अभिभावक 25 दिन से उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी व निजी स्कूलों के चक्कर काट रहे हैं। आज तक हर बार आश्वासन ही मिले हैं, लेकिन किसी भी विद्यालय ने दाखिला नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जब तक बच्चों को दाखिला नहीं मिल जाता, तब तक यहीं पर धरना जारी रहेगा।
दाखिला दिलवाने में सरकार व प्रशासन नाकाम : विमल किशोर
छात्र अभिभावक संघ के संयोजक विमल किशोर ने कहा कि बच्चों को दाखिला दिलवाने के लिए संघर्षरत अभिभावकों को सोमवार को भी निराशा ही हाथ लगी। निजी स्कूल संचालक मुख्यमंत्री की अपील को भी ठेंगा दिखा रहे हैं। विमल किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने निजी स्कूल संचालकों की सभी मांगें मान लीं। स्कूलों की बकाया राशि दे दी व फीस में भी बढ़ोतरी कर दी गई। फिर भी दाखिले नहीं मिल रहे। सरकार व प्रशासन कड़ा रुख अपनाने के बजाय दाखिले के लिए निवेदन कर रहे हैं। इससे साबित होता है कि सरकार व प्रशासन का निजी स्कूल संचालकों पर कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पात्र विद्यार्थियों का शीघ्र दाखिला नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। साथ ही दाखिला ना देने वाले स्कूलों को कानूनी नोटिस दिए जाएंगे।
वर्जन
डीईईओ कार्यालय पर दो घंटे तक चली बैठक में डीईईओ व बीईओ सोनीपत ने निजी स्कूल संचालकों से सभी मुद्दों पर बातचीत की। इस दौरान नियम 134ए के तहत सभी पात्र विद्यार्थियों को दाखिला सुनिश्चित करने की बात कही। 13 निजी स्कूल संचालकों ने अन्य स्कूल संचालकों से इस विषय में बातचीत करने के लिए दो दिन का समय मांगा है। बैठक सकारात्मक रही। अब दो दिन के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज वर्मा, प्रभारी, नियम 134ए, सोनीपत

डीईईओ कार्यालय पर नियम 134ए के तहत पात्र विद्यार्थियों के दाखिले को लेकर बातचीत करते डीईईओ बिजेंद?- फोटो : Sonipat

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें