फोटो : सोनीपत के गांव बाजिदपुर सबौली की आंबेडकर काॅलोनी में सड़क पर भरे दूषित पानी को लेकर रोष
सोनीपत। गांव बाजिदपुर सबौली की आंबेडकर काॅलोनी में सड़क पर भरे दूषित पानी से परेशानी ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप था कि शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं हो रहा। ग्रामीणों ने लघु सचिवालय में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से मिलकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई। साथ ही गांव के सरकारी स्कूल को 12वीं तक अपग्रेड कराने की मांग की।
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजीत सबौली, रविंद्र, तेजपाल, नरेश, कर्मबीर ने बताया कि भाजपा सरकार ने गांव की आंबेडकर कॉलोनी को वैध किया था। उसके बाद भी कॉलोनी के विकास के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। कॉलोनी सोनीपत-नरेला रोड किनारे बसी हुई है। यहां से रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही हो रही है।
पानी निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण स्थानीय लोगों को भी परेशानी बढ़ रही है। सड़क पर जलभराव होने के कारण यहां पर बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन को बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का आज तक समाधान नहीं हो पाया है।
साथ ही ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री को गांव के सरकारी स्कूल को अपग्रेड कराने की मांग की। उनका कहना था कि गांव में 10वीं कक्षा तक का सरकारी स्कूल है। उनके आसपास गांव सफियाबाद व नाथूपुर में भी 12वीं कक्षा तक का स्कूल नहीं है।
स्कूल को अपग्रेड कराने की मांग काफी समय से चली आ रही है। विद्यालय की फाइल वित्त विभाग के पास है। इस पर शिक्षा मंत्री ने जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
फोटो : सोनीपत के गांव बाजिदपुर सबौली की आंबेडकर काॅलोनी में सड़क पर भरे दूषित पानी को लेकर रोष