संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मयूर विहार, गढ़ी ब्राह्मणान क्षेत्र में एक सप्ताह से दूषित पानी आपूर्ति होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि दूषित पानी की आपूर्ति के चलते कई लोग बीमार भी हो चुके हैं। नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
शिकायत मिलने पर निगम पार्षद दीपमाला, राजेश मलिक व जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जन प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने और लीक पेयजल लाइन व दूषित जल आपूर्ति के कारणों का पता लगाकर जल्द समाधान करने के लिए कहा।
बड़वासनी ने कहा कि आशंका है कि सीवर का पानी पेयजल में मिल रहा है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।
उनका आरोप है कि डी सिल्टिंग और सफाई कार्य कागजों में दिखाए गए लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई ठीक ढंग से नहीं की गई। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
पार्षदों ने कहा कि जिन ठेकेदारों ने कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा नहीं किया है उनकी भुगतान राशि रोकी जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसी भी विकास या सफाई कार्य का भुगतान तभी किया जाए जब संबंधित क्षेत्र के निगम पार्षद की ओर से कार्य पूर्ण होने का प्रमाणपत्र दिया जाए।
जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।