खरखौदा। शहर में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है। सफाई कर्मचारी 12 दिन से मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। सफाई नहीं होने के कई क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। सुबह जब कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे फैली गंदगी को एकत्रित किया तो धरना देने वाले कर्मचारियों ने उसे बिखेर दिया। इससे एक बार टकराव की स्थिति बनी लेकिन बाद में सफाई कर्मी धरनास्थल पर लौट गए।
गलियों और मुख्य मार्गों पर फैली गंदगी से लोगों का वहां से निकला मुश्किल हो रहा है। जहां पर कूड़ा पड़ा है वहां पर आसपास रहने वाले लोगों को बदबू की वजह से परेशानी का सामान करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई नहीं होने से वे जगह-जगह ब्लाॅक होने लगी हैं। इससे दूषित पानी सड़कों पर बह रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो हालात और खराब हो सकते हैं। वहीं धरना दे रहे कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को प्रदेश सरकार नहीं मानती है धरना जारी रहेगा।