महेंद्रगढ़। शहर के बस स्टैंड पर बस खड़ी करने को लेकर एक निजी बस परिचालक और हरियाणा रोडवेज के स्टेशन सुपरवाइजर के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
गांव मालड़ा सराय निवासी निजी बस परिचालक छाजूराम ने बताया कि वह बस नंबर एचआर-66-4928 पर परिचालक हैं। छाजूराम के अनुसार उनकी बस सरकारी परमिट के तहत महेंद्रगढ़-रेवाड़ी निर्धारित रूट पर चलती है और बस अड्डे में फीस भी जमा की जाती है। बस स्टैंड पर बस खड़ी करने को लेकर स्टेशन सुपरवाइजर हरिकिशन ने उन्हें रोका। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज और अपनी छड़ी से मारपीट की जिससे वह घायल हो गए।
वहीं, स्टेशन सुपरवाइजर हरिकिशन ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि निजी बस हर दिन दोपहर 1 बजे जाती है और चालक ने बस स्टैंड के मुख्य रास्ते पर बस आड़ी-तिरछी खड़ी कर दी थी। इससे सरकारी बसों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। रास्ता खाली करने के लिए कहने पर छाजूराम ने उनके साथ गाली-गलौज और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। हरिकिशन ने छाजूराम पर जातिसूचक शब्द कहने, उनकी वर्दी फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। हरिकिशन ने बताया कि पूर्व में हुए हादसे के कारण उन्हें चलने में परेशानी होती है और वे छड़ी के सहारे चलते हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपी परिचालक पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने और बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शहर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें ली हैं और अब मामले की जांच शुरू कर दी है।
मनमानी करते हैं निजी बस चालक-
हरिकिशन ने बताया कि निजी बस चालक ओर परिचालक अपनी मनमर्जी चला रहे हैं। बसों को कही पर भी रोक देते है और इससे अन्य बसों को आवागमन में दिक्कत होती है। चालक समय पर बसों का संचालन नहीं कर रहे हैं। अब उन्होंने असली शिकायत उच्च अधिकारियों को भेजने और निजी बस संचालकों की मनमर्जी पर अंकुश लगाने की बात कही। उन्होंने कहा अक्सर समय को लेकर चालकों के साथ उनकी बहस होती है।
वर्जन:
दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं और घटनास्थल का मुआयना किया गया है। अब मामले की जांच जारी है जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जयभगवान, एसएचओ शहर, महेंद्रगढ़