सोनीपत के लघु सचिवालय में समाधान शिविर के दौरान शिकायत सुनते मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां के अतिरिक
सोनीपत। लघु सचिवालय में सोमवार को समाधान शिविर आयोजित किया गया। इसमें मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां के अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र दून ने शिविर में शिकायतकर्ताओं की 20 समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर निर्धारित समयावधि में उनके समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में गांव बुटाना कुंडू में जमीन का कब्जा छुड़वाने, परिवार पहचान पत्र में आय संशोधन और पुराने बंद बिजली मीटर का बिल जमा किए बिना धोखाधड़ी किए जाने से संबंधित शिकायतें सामने आईं। गांव नैना ततारपुर में जोहड़ की जमीन पर गलत तरीके से बनाई जा रही चौपाल का निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की गई। वहीं, गांव राजलुगढ़ी में घर के बाहर गंदगी फैलाने, जहरीला धुआं करने और विरोध करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने की शिकायत भी दी गई।
दयाल चौक पर सार्वजनिक शौचालय बनवाने, गांव ककरोई में खेवट का बंटवारा करवाने, गांव रसोई में अवैध रूप से लिए गए बिजली कनेक्शन की जांच करवाने और गांव लहराड़ा में एक इकाई के परिवार पहचान पत्र बनवाने से संबंधित शिकायतें भी शिविर में रखी गईं।
अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र दून ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। शिकायतों की नियमानुसार जांच कर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त राजदीप मोर, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, तहसीलदार कीर्ति, डब्ल्यूसीडीपीओ गीता आदि अधिकारी मौजूद रहे।