संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। हरियाणा राज्य प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की ओर से जारी निर्देशानुसार धान की कटाई करने वाली कंबाइन मशीनों में सुपर स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) लगा होना अनिवार्य है। जिले में बिना एसएमएस के कोई कंबाइन मशीन धान की फसल कटाई करती मिली तो उसे जब्त किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने इसको लेकर सभी एसडीएम को भी निर्देश दिए हैं कि वे क्षेत्रों में निरंतर नजर बनाए रखें और बिना एसएमएस लगी कंबाइन मशीनों को जब्त करें। पराली जलाने के मामले न आएं। उन्होंने कहा कि एसएमएस धान के भूसे को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट देता है, जिससे किसान को धान फसल के अवशेषों को जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और इसे कृषि यंत्रों से आसानी से मिट्टी में मिलाया जा सकता है। इससे भूमि की उर्वरा शक्ति में बढ़ोतरी होती है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी खाद, बीज व कीटनाशक दवाई विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों की बिना अनुमति के जबरदस्ती खाद के साथ कीटनाशक व अन्य कोई सामग्री टैग नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई दुकानदार ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ फर्टीलाइजर कंट्रोल आॅर्डर के निर्देशानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त ने किसानों से आह्वान किया कि अगर कोई दुकानदार खाद के साथ आपको दवाई व अन्य सामग्री खरीदने के लिए जबरदस्ती करें तो उसके लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा के मोबाइल नंबर-9416071950 या गुण नियंत्रण निरीक्षक के मोबाइल नंबर-8168606123 पर शिकायत कर सकते हैं।