संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र (साई), बहालगढ़ के एनसीओई सेंटर में एशियन चैंपियनशिप में चयन के लिए पहले दिन 374 तीरंदाजों ने ट्रायल दिया। ट्रायल प्रक्रिया 19 अक्तूबर तक चलेगी।
साई की कार्यकारी निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि एशियन तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए ट्रायल शनिवार को शुरू हो गए। ट्रायल प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन रिकर्व पुरुष के लिए 120, रिकर्व महिला के लिए 78, कंपाउंड पुरुष के लिए 99 व मिश्रित महिला वर्ग के लिए 77 प्रतिभागियों ने ट्रायल में भाग लिया।
ट्रायल प्रक्रिया के दौरान हाई परफार्मेंस डायरेक्टर संजीवा सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि सभी तीरंदाज अपने-अपने वर्ग में अंक अर्जित करेंगे, जिसके बाद उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। एशियन चैंपियनशिप के ट्रायल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज भी भाग ले रहे हैं।