सोनीपत। विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक दल और प्रत्याशियों को सावधानी के साथ सोशल मीडिया का प्रयोग करना होगा। चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर जारी होने वाली हर सूचना पर भारत चुनाव आयोग सहित जिला निर्वाचन कार्यालय की नजर है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग ने इस बार चुनाव में सोशल मीडिया की बढ़ती उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए इसकी मॉनिटरिंग के लिए टीम गठित की है। टीम न केवल जारी सूचना की जांच कर रही हैं, बल्कि आचार संहिता का उल्लंघन होने पर कार्रवाई भी करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर संवेदनशील और आपत्तिजनक पोस्ट डालने से बचें। अगर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का कोई मामला जिला प्रशासन की नजर में आएगा तो कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आईटी अधिनियम की धारा 69 और 79 (3) के तहत फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने का चुनाव आयोग के अधिकारियों को है।