सोनीपत। जिले की 4 अनाज मंडियों और 20 खरीद केंद्रों पर 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी। लेकिन अभी तक व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गई हैं। रोहतक रोड स्थित नई अनाज मंडी समेत कई मंडियों में सुविधाओं का अभाव है। मार्केेटिंग बोर्ड की तरफ से न ही सड़क का निर्माण करवाया गया और न ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाई गई है।
गेहूं खरीद को लेकर एसडीएम शशि वसुंधरा ने नई अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्था बेहतर न होने पर उन्होंने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को फटकार लगाई। अधिकारियों से 3 अप्रैल तक निर्माण समेत सभी कार्य पूरे कराने की बात कही। नई अनाज मंडी में किसानों की सुविधा के लिए दो नए वाटर कूलर लगाए गए हैं। सड़क व प्लेटफार्म की मरम्मत नहीं होने के कारण किसानों को फसल उतारने में परेशानी हो सकती है। इस समस्या को लेकर आढ़ती पहले भी मार्केट कमेटी व मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करा चुके है। वहीं दूसरी ओर धान का उठान नहीं कराया गया है। आढ़तियों ने शेड के नीचे धान के ढेर व बोरों के चट्टे लगवा रखे है। वहीं सचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि मार्केट कमेटी की ओर से सफाई का टेंडर आवंटित किया जा रहा है। गेहूं की आवक शुरू होने से पहले सफाई करा दी जाएगी।
अनाज मंडी में अब तक लगे धान के ढेर
गोहाना। शहर में जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में बने दो शेड के नीचे अब तक धान की फसल के ढेर लगे हुए हैं। इसके साथ ही मंडी परिसर की अब तक सफाई भी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में गेहूं की खरीद के सीजन के समय किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस संबंध में मार्केट कमेटी की सहायक सचिव सविता जैन का कहना है कि धान के ढेर उठाने के लिए आढ़तियों को नोटिस दे दिए हैं। गेहूं की आवक शुरू होने से पहले उन्हें उठवा दिया जाएगा। इसके अलावा अनाज मंडी के साथ ही भैंसवाल कलां, रुखी, कासंडी, मुंडलाना, खानपुर कलां, बरोदा, कथूरा, व मुंडलाना स्थित खरीद केंद्रों में सफाई का कार्य चल रहा है, जिसे वीरवार तक पूरा करा दिया जाएगा।
-
गन्नौर मंडी में नही पहुंचा बारदाना
गन्नौर। अनाज मंडियों में गेहूं की खरीद कल से शुरू हो जाएगी। गन्नौर अनाज मंडी में अभी तक बारदाना भी नही पहुंचा है। गेहूं की कटाई का कार्य क्षेत्र में शुरू हो चुका है। ऐसे में जब किसान गेहूं लेकर अनाज मंडी में पहुंचेंगे तो बारदाना की व्यवस्था न मिलने की वजह से अनाज खुले में रखने को मजबूर होना पड़ेगा। मार्केट कमेटी की ओर से मंडी में सफाई व पीने की व्यवस्था का पूरा इंतजाम कर दिया है। गन्नौर में किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए सब खरीद केंद्रों पर भी मार्केट कमेटी की तरफ से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी किसान को कोई दिक्कत न आए।
गन्नौर मंडी के अलावा 4 सब सेंटर पर पूरी तैयारी
मार्केट कमेटी की सचिव आशा रानी ने बताया कि गन्नौर अनाज मंडी के अलावा गांव सनपेड़ा, दातौली, पुरखास, पुगथला में बनाए गए हैं। उनमें कई दिन से सफाई करवाने के साथ कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई थी। किसी किसान को कोई दिक्कत न आए इसके लिए पूरा प्रयास रहेगा।