सोनीपत। मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई शुरू करा दी है। मानसून से पहले नालों की सफाई करा दी जाएगी। नगर निगम ने शहर के पॉश इलाके सेक्टर-15 से नालों की सफाई शुरू कराई है।
नगर निगम क्षेत्र के 51 किलोमीटर क्षेत्र में 32 नाले हैं। समय पर नालों की सफाई न होने से मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। इस बार ऐसी समस्या न पैदा हो, इसके लिए नगर निगम ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए शहर को तीन जोन में बांटा है। हर माह शहर की सफाई व्यवस्था पर 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं। प्री मानसून के नजदीक आने के चलते तीन जोन में आने वाले सभी 32 नालों की सफाई के लिए 78 कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
नगर निगम ने जिन एजेंसियों को शहर की सफाई की जिम्मेदारी दी है, उनके कर्मियों से नालों की सफाई शुरू करा दी गई है। निगम क्षेत्र में सेक्टर-14-15 रोड, मुरथल रोड, बहालगढ़ रोड, राठधना रोड व जठेड़ी रोड, कालूपुर से मिशन चौक, ककरोई रोड पर पानी निकासी के नाले हैं। इसके साथ ही तिरंगा चौक से सेक्टर-23 मोड़, हैबिटेट क्लब रोड, गोहाना रोड, बस अड्डे से सब्जी मंडी, सब्जी मंडी से जटवाड़ा, जटवाड़ा से पुरखास रोड आरओबी, जटवाड़ा से पुरखास चौक, राई व अन्य क्षेत्र में पानी निकासी के लिए नाले बने हुए हैं। शहर में कई स्थानों पर दुकानदारों ने नालों पर रैंप बना रखे हैं। दुकानदारों ने गोहाना रोड, ओल्ड डीसी रोड, मुरथल अड्डा रोड, सब्जी मंडी के पास समेत कई अन्य मार्गों पर नालों के ऊपर रैंप बना रखे हैं। इसकी वजह से सफाई ठीक ढंग से नहीं हो पाती। ऐसे में बारिश के दौरान निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण सड़कों पर पानी भर जाता है।
इन स्थानों पर रहती है ज्यादा दिक्कत
बारिश के दौरान गीता भवन चौक, शनि मंदिर अंडरपास, सारंग रोड अंडरपास, सेक्टर-14, सेक्टर-15, ओल्ड डीसी रोड, कालूपुर चुंगी, ककरोई चौक, वैक्सन कॉलोनी, सुभाष स्टेडियम, कामी रोड, बहालगढ़ रोड, जनता कॉलोनी, सिक्का कॉलोनी, दयाल चौक सहित कई जगहों पर पानी भर जाता है। निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण सड़कों पर जाम लग जाता है।
वर्जन
मानसून से पहले ही निगम क्षेत्र में नालों की सफाई कराई जा रही है। इसके लिए विशेष रूप से एजेंसी के 78 कर्मियों की डयूटी लगा रखी है। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र में नालों की सफाई का कार्य शुरू हो चुका है।-साहब सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम।