गोहाना। सफीदों रोड स्थित एक फैक्टरी में मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छापा मारा। टीम ने फैक्टरी में तेल व घी की गुणवत्ता जांच के लिए छह सैंपल लिए हैं। बाद में टीम गांव गामड़ी में ईंट-भट्ठे पहुंची। वहां पर टीम ने ईंधन का सैंपल लिया। टीम इन सैंपलों की गुणवत्ता जांच के लिए लैब में भेजेगी। अधिकारियों का कहना है कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की टीम को सूचना मिली थी कि गोहाना में सफीदों रोड स्थित राजकुमार राजेश कुमार और सांवरिया इंटरप्राइजेज में तेल व घी बनाने में मिलावट की जाती है। इस पर उप निरीक्षक सुनील कुमार की टीम मंगलवार देर शाम फैक्टरी में पहुंची। टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र गहलावत ने वहां राइस ब्राइन ऑयल, सरसों का पैकिंग व खुला तेल, ब्लेंडेड एडिबल ऑयल और मधुर भोग वैध ब्रांड के घी के छह सैंपल लिए। सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
वहीं बाद में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की एक टीम गांव गामड़ी में जिंदल ईंट-भट्ठा पर पहुंची। वहां निम्न स्तर के ईंधन का प्रयोग किए जाने की जानकारी मिली थी। टीम ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को बुलाकर ईंधन की जांच करवाई और सैंपल लिए। टीम में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता से एसआई सुनील, श्रम विभाग के इंस्पेक्टर राजेश, ईटीओ चंचल श्रवण कुमार व राजेश कुमार शामिल रहे।