सोनीपत के गन्नौर में डेयरी में छापा डालने के दौरान कागजी कार्रवाई करते मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टी
गन्नौर। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने पुराने मार्केट कमेटी रोड पर स्थित डेयरियों पर छापा डाला। इस दौरान टीम ने घी व क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रयोगशाला भेज दिया। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम के इंस्पेक्टर सुनील व श्रवण कुमार के अलावा गुप्तचर विभाग के राजेश, प्रकाश राठी, सतेंद्र व ज्योति कार्रवाई में शामिल थी। टीम को गुप्त सूचना मिल रही थी कि गन्नौर में मिलावटी घी व क्रीम बेची जा रही है। इसके बाद टीम ने चार डेयरियों पर छापे डाले। टीम ने जगदंबा डेयरी घी व क्रीम के नमूने, गोस्वामी डेयरी, विशाल डेयरी व बजरंग डेयरी से घी के नमूने लेकर सील बंद किया और उसे जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। इस दौरान डेयरी संचालकों के लाइसेंस भी चेक किए गए। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि घी को पाॅलिथीन में डालकर बेचा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. वीरेंद्र ने चेताया कि अगर आगे भी इस तरह से पाॅलिथीन में घी डालकर बेचा तो डेयरी सील कर दी जाएगी।
सीएम फ्लाइंग की टीम की ओर से डेयरी पर घी के नमूने लेने की सूचना के बाद सभी डेयरी संचालकों व किराना व्यापारियों में हड़कंप मच गया। जिससे कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर ताला लगा दिए। टीम के जाने के बाद ही डेयरी व दुकान संचालकों ने अपनी दुकानें खोली।