राई/सोनीपत। मुरथल थाना क्षेत्र में चालान होने के बाद फर्जी रसीद जमा कराकर ट्रक को छुड़ाने के प्रयास का मामला सामने आया है। शक होने पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जमा कराई पर्ची की जांच कराई तो गड़बड़झाला सामने आ गया। एडीसी के आदेश पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आरोपी ट्रक मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। मुरथल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सह सचिव सुभाष चंद ने मुरथल थाना पुलिस को बताया कि 11 जनवरी की तड़के साढ़े तीन बजे एक ट्रक पकड़ा गया था। ट्रक ओवरलोड था और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगाई गई थी और प्रेशर हार्न का प्रयोग किया जा रहा था। इस ट्रक पर 42,500 रुपये जुर्माना लगाया गया था। ट्रक को सीज करके मुरथल में वाहन चालक प्रशिक्षण संस्थान के प्रांगण में खड़ा करा दिया गया था। ट्रक का मालिक दीपक चौधरी नोएडा के रबुपुरा रुरल का रहने वाला है। ट्रक के चालक व मालिक ने प्रशिक्षण केंद्र पर कार्यरत कर्मचारी धर्मवीर को चालान भुगतान की रसीद प्रस्तुत की। उसके आधार पर ट्रक को छुड़ाने का प्रयास किया गया। धर्मवीर को चालान पर्ची पर कुछ शक हुआ तो उसने इसको जांच के लिए परिवहन विभाग के कार्यालय में भेज दिया। वहां जांच में पाया गया कि वह रसीद फर्जी थी। उसने फर्जीवाड़ा कर विभाग को 42,500 रुपये की क्षति पहुंचाने का प्रयास किया।
टीम पहुंचने से पहले ही हुआ फरार
परिवहन विभाग के सड़क सुरक्षा अधिकारी राजेश मलिक ने बताया कि रसीद को स्कैन करके तैयार किया गया प्रतीत होता है। फर्जी रसीद जमा कराने की सूचना पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उससे पहले ही आरोपी फरार हो गया था। शायद उसको रसीद की जांच होने की जानकारी मिल गई थी।
वर्जन
मामले में आरोपी ट्रक मालिक व उसके चालक पर मुकदमा दर्ज करा दिया है। उनको धोखाधड़ी करने का आरोपी बनाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्कैन कर फर्जी रसीद बनाने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
- मुनीश कुमार, एडीसी, सोनीपत।