सोनीपत। चोरों ने जीवन नगर में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए। इस दौरान शिक्षक अपने परिवार के साथ हरिद्वार गए हुए थे। आसपास के लोगों ने उनको घर के ताले टूटे होने की जानकारी दी तो वह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से यूपी के कानपुर फिलहाल जीवन नगर निवासी संतोष कुमार शास्त्री सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। वह वर्तमान में हरिद्वार में अपने घर का निर्माण करा रहे हैं। घर का निर्माण कराने के चलते देखभाल के लिए वह परिवार के साथ करीब 20 दिन पहले हरिद्वार गए थे। 1 जुलाई को आसपास के लोगों ने उनको सूचना दी कि जीवन नगर स्थित घर का ताला टूटा हुआ है। इस पर वह हरिद्वार से अपने घर पर जीवन नगर में पहुंचे। संतोष कुमार ने बताया कि चोरों ने उनके घर के मुख्यद्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उसके बाद घर के अंदर अलमारी के ताले तोड़ डाले। चोरों ने अलमारी में रखे आठ हजार रुपये, दो तोले सोने की चेन, सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब व बिछवा सहित आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस आसपास के मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है, जिससे चोरों के बारे में सुराग लगाया जा सके।