गोहाना। अनाज मंडी में धान लेकर आ रहे किसान की ट्राली को एक कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्राली में बैठे किसान की मौत हो गई और उनका साथी किसान घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कैंटर छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची भैंसवान खुर्द चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने घायल किसान के बयान पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोहतक के गांव धामड़ निवासी अजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे गांव से धान लेकर गोहाना अनाज मंडी में जा रहे थे। ट्रैक्टर को उनके गांव के ही बलवान चला रहे थे। ट्रैक्टर में दो ट्रालियां जोड़ रखी थीं। पहली ट्राली में आनंद बैठे हुए थे और उससे पिछली ट्राली में वह और उनका बेटा सूरज बैठे थे। जब वह रोहतक-पानीपत हाईवे पर रूखी बाईपास मोड़ के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में आनंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें चोटें आई। आरोपी चालक अपने कैंटर को छोड़ कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।