गन्नौर। गांव डबरपुर के ग्रामीणों का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है। विधायक देवेंद्र कादियान के प्रयास से बुधवार से गांव के रास्ते रोडवेज बस सेवा शुरू होगी। अब सोनीपत-दोदवा मार्ग की रोडवेज बस वाया डबरपुर होकर संचालित होगी, जिससे ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।
हाल ही में ग्रामीणों ने विधायक से मुलाकात कर गांव में बस सेवा न होने की समस्या रखी थी। इस पर विधायक ने तुरंत रोडवेज महाप्रबंधक संजय कुमार को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और छात्रों की शिक्षा में यातायात बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह बस गांव को शहर और विकास से जोड़ने का माध्यम बनेगी। छात्रा अंजलि ने बताया कि गांव से सीधी बस न होने के कारण उन्हें मुख्य सड़क तक पैदल जाना पड़ता था, जिससे अक्सर कक्षा छूट जाती थी। विधायक के इस प्रयास से अब पढ़ाई और समय दोनों सुरक्षित रहेंगे।
ग्रामीण अशोक ने बताया शहर जाने के लिए उन्हें ऑटो या निजी वाहनों का इंतजार करना पड़ता था जो काफी महंगा और थकाने वाला होता था, अब गांव से ही रोडवेज बस मिलेगी।
वहीं, काला पहलवान ने बताया कि गांव से सीधा सोनीपत के लिए बस मिलना बहुत बड़ी राहत है। जो लोग रोजाना काम के लिए शहर जाते है, वह बस में आराम से सफर कर सकेंगे।