फोटो 26- गन्नौर के बादशाही-कामी रोड पर अवैध कॉलोनी में ढहाई गई चहारदिवारी। संवाद
गन्नौर। जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुधवार को राजलू गढ़ी रोड व बादशाही-कामी रोड पर पनप रही अवैध काॅलोनियों में बुलडोजर चलाते हुए अवैध निर्माणों को ढहा दिया। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एटीपी मंदीप कुमार, जेई सुमित, जेई रितेश व अन्य पदाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनी में प्लाॅटों की नींव व अवैध निर्माण को ढहाना शुरू कर दिया।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण को ढहाने की कार्रवाई में टीम ने करीब आठ एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध काॅलोनी में निर्मित आठ डीपीसी, दो चहारदीवारी, तीन भवनों व करीब 500 मीटर के पक्के रास्ते कोे बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त करवाया गया। एटीपी मंदीप कुमार ने बताया कि काॅलोनाइजर को अवैध निर्माण हटाने के लिए दो नोटिस जारी किए गए थे। यही नहीं तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री पर रोक लगवा रखी है। मंदीप कुमार ने लोगों से आह्वान किया है कि नियंत्रित क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करें और अवैध काॅलोनी में कोई प्लाॅट न खरीदें।