फोटो: सोनीपत में अवैध कॉलोनी में डीपीसी को तोड़ता बुलडोजर। स्रोत: डीटीपी
सोनीपत। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के पट्टी मुसलमान क्षेत्र में ऋषिकुल वर्ल्ड एकेडमी के पास विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की। राजस्व संपदा में करीब 3.7 एकड़ जमीन पर विकसित हो रही इन कॉलोनियों में विभाग की टीम ने अवैध निर्माण ध्वस्त किए। कार्रवाई के दौरान एक चारदीवारी, 10 डीपीसी और कच्चे रास्तों को तोड़ा गया।
जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) आरटी शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें। ऐसी कॉलोनियों में सरकार की ओर से सड़क, पेयजल, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जातीं।
उन्होंने कहा कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधता और सरकारी स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें। डीटीपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध कॉलोनियां विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करता पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। विभाग की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।