राई(सोनीपत)। नेशनल हाईवे-44 स्थित गांव नाथूपुर फ्लाईओवर पर कैंटर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। तीन अन्य घायल हो गए। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। हादसे में जान गंवाने वाले युवक के भाई के बयान पर कुंडली थाना पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के गांव बावन निवासी दिलीप ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि उनका परिवार हॉल में प्याऊ मनियारी में किराये पर रहता है। वह तीन भाई थे। सबसे छोटा भाई रजनीश (20) अपने तीन साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर कुंडली से बहालगढ़ जा रहे थे।
जब वह नाथूपुर फ्लाईओवर पर पहुंचे तो एक कैंटर ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे भाई रजनीश की मौत हो गई। रजनीश के तीनों साथियों को सोनीपत के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उनके बयान दर्ज नहीं होने पर अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले में रजनीश के भाई के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।