खरखौदा। गांव फिरोजपुर बांगर में कैंटर की टक्कर से घायल युवक ने इलाज के दौरान दिल्ली स्थित एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवक निजामपुर खुर्द गांव का निवासी था। उसके साथी ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
गांव कुंडल निवासी शुभम का कहना है कि वह और उसके दोस्त निजामपुर खुर्द गांव निवासी सागर अपनी-अपनी बाइक लेकर निकले थे। शनिवार सुबह 11 बजे वह कुंडल से खरखौदा-दिल्ली मार्ग पर आए थे। दोनों ही औचंदी बॉर्डर की तरफ चल पड़े। जब वह गांव फिरोजपुर बांगर में स्थित धर्मकांटे के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार कैंटर ने सागर की बाइक को टक्कर मार दी जिससे सागर घायल हो गया। उन्होंने सागर को दिल्ली के पूठ कलां स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर सफदरजंग रेफर कर दिया। वहां सागर की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।