भारतीय किसान यूनियन की ओर से मांगों को लेकर शनिवार को प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान भाकियू की ओर से वीडियो जारी करते हुए कहा गया कि वह प्रदेश के सभी टोल प्लाजा को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक टोल मुक्त करवाए जाएंगे।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने बताया कि सरकार की ओर से किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचने के लिए सभी टोल प्लाजा पर किसान एकत्रित होंगे और तीन घंटे तक टोल मुक्त कराएंगे। वहीं जिलाधीश ललित सिवाच ने किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए है।
उपायुक्त ने जिला में कानून व्यवस्था संभालने के लिए उप पुलिस अधीक्षक के साथ सहकारी चीनी मिल सोनीपत के प्रबंध निदेशक जितेंद्र जोशी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। एनएच-44 स्थित भिगान टोल प्लाजा पर गन्नौर के तहसीलदार रविंद्र को मुरथल थाना प्रभारी सुमित कुमार, केएमपी एक्सप्रेस वे स्थित पिपली टोल प्लाजा पर खरखौदा थाना प्रभारी जसपाल सिंह के साथ सोनीपत के तहसीलदार मनोज कुमार, गढ़ी बाला टोल प्लाजा पर कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ राई के नायब तहसीलदार अंकित और केजीपी एक्सप्रेस वे स्थित जाखौली टोल प्लाजा पर राई थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के साथ बीडीपीओ राजेश टिवाना को और झरोठी के पास एनएच-334बी के टोल प्लाजा पर झरोठ चौकी इंचार्ज सुरेश कुमार के साथ खरखौदा के नायब तहसीलदार अशोक कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया है।