ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद से बिना कारण अब तक आठ से नौ बार डोप टेस्ट हो चुके हैं। आरोप लगाया कि नाडा पहलवानों का कॅरिअर खराब कर रहा है।
ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने वीडियो में कहा है कि उनका डोप टेस्ट लेने के लिए नाडा की टीम एक्सपायरी डेट किट लेकर पहुंची है। दिल्ली में धरने पर बैठने के बाद से उनका आठवीं-नौवीं बार डोप टेस्ट किया जा रहा है। उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह पर भी निशाना साधा है।
विज्ञापन
बेशक भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव की तिथि घोषित हो गई है, लेकिन कुश्ती की रार खत्म नहीं हो रही है। ओलंपियन बजरंग पूनिया ने फिर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर कुश्ती को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कुछ किट दिखाते हुए कहा कि यह किट लेकर नाडा की टीम उनके पास डोप टेस्ट करने पहुंची है। यह किट एक्सपायरी डेट है।
कई नए खिलाड़ियों को पता नहीं होता, उन्हें तो इसे लेकर जानकारी थी और उनके साथ चिकित्सक की टीम भी है। ऐसे में उन्हें पता चल गया। उन्होंने किट के सामान को दिखाते हुए कहा कि यह अलग-अलग समय में पहले ही एक्सपायर हो चुकी है। एक्सपायर होने की तिथि किट पर अंकित है। बृजभूषण सिंह शरण पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पहलवानों को षड्यंत्रों से तोड़ना चाहते हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि फिलहाल निकट भविष्य में कोई चैंपियनशिप नहीं है। साथ ही वह अभी इंजरी से उबरे हैं। इसके बावजूद उनका बार-बार डोप टेस्ट किया जा रहा है तो समझा जा सकता है कि क्या चल रहा है। उन्होंने एक महिला पहलवान को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे कॉल कर कहा गया कि डोप टेस्ट वाले आए होंगे। यह किसी को पता नहीं होता।
उन्हें इसका कैसे पता लगा। उस महिला पहलवान का कॅरिअर बर्बाद किया जा रहा है। यह सब राजनीति हो रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को भी आगाह किया कि उनके पास तो चिकित्सक की टीम थी, लेकिन जूनियर खिलाड़ी इसका पूरा ख्याल रखें, नहीं तो उनका कॅरिअर बर्बाद हो सकता है।