गांव सांदल कलां से सोनीपत मार्ग पर ज्यादा सवारी बैठाने के प्रयास में दो ऑटो चालकों में आगे निकलने की होड़ लगी थी। वे तेज गति से ऑटो चलाने लगे। इस दौरान गांव जाहरी के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट कर पिकअप से टकरा गया। हादसे में ऑटो में सवार मां-बेटी सहित छह यात्री घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो की गंभीर हालत के चलते खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव ठरू निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उसका बेटा जोहन आईटीआई का छात्र है। सोमवार को सांदल कलां निवासी चालक के ऑटो में सवार होकर सोनीपत आ रहा था। रास्ते में एक अन्य ऑटो चालक से उसकी ज्यादा सवारी बैठाने को लेकर होड़ लग गई। दोनों ने अपने ऑटो को तेज रफ्तार से चलाना शुरू कर दिया। जिससे गांव जाहरी के पास एक ऑटो पलटने के बाद बराबर में जा रही पिकअप गाड़ी में जा टकराया। जिससे ऑटो चालक कृष्ण निवासी सांदल कलां, उनके गांव का प्रदीप, उसका बेटा जोहन, मां-बेटी अंजू व काजल के साथ ही सांदल कलां के रहने वाले नागेश्वर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया। जोहन व अंजू को खानपुर रेफर किया गया है।