दिल्ली एयरपोर्ट से भाई की फ्लाइट छूटने के बाद उसे साथ लेकर हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली अपने दोस्त के घर जा रहे युवकों से मारपीट कर तीन बदमाश मोबाइल, नकदी व कागजात लूट ले गए। यूपी के रहने वाले पीड़ित दिल्ली से बस पकड़कर बहालगढ़ पहुंचे थे। वहां से वह कुंडली ऑटो में सवार होकर जा रहे थे। रास्ते में ऑटो चालक व उसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यूपी के जिला कुशीनगर झांगा बाजार के रहने वाले राकेश ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर को उसके भाई हरिकेश की दिल्ली एयरपोर्ट से दुबई के लिए फ्लाइट थी। वह अपने भाई हरिकेश को छोड़ने के लिए अपने साथी साहिल के साथ आया था। जब वह तीनों एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उसके भाई की फ्लाइट जा चुकी थी। दिल्ली में रुकने के लिए उनके पास कोई जगह नहीं थी।
जिस पर वह कुंडली में रह रहे अपने दोस्त मूलरूप से यूपी के जिला गोरखपुर के गांव नौसड़ निवासी धीरज के पास जाने के लिए चल पड़े। उन्होंने दिल्ली से बहालगढ़ के लिए बस पकड़ी थी। वह रात साढ़े 10 बजे बहालगढ़ पहुंचे थे। वहां पर उन्होंने कुंडली जाने के लिए एक ऑटो मिल गया।
ऑटो में पहले से चालक के साथ दो अन्य युवक थे। वह उन्हें लेकर कुंडली के लिए चल पड़े। राकेश का आरोप है कि करीब चार किलोमीटर चलने के बाद उन्होंने एक फ्लाईओवर के पास से ऑटो को एक सुनसान सड़क पर मोड़ दिया। करीब एक किलोमीटर चलने के बाद ऑटो रोककर उन्होंने उन पर डंडों व लातों से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें : कप्तानी मिलने पर सविता पूनिया बोलीं: अच्छे से निभाऊंगी जिम्मेदारी, टीम के साथ दूंगी बेहतर परिणाम
उनके साथ मारपीट कर वह तीनों के मोबाइल फोन, 37 सौ रुपये व कागजात लूटकर फरार हो गए। जिसके बाद वह तड़के अपने दोस्त के पास पहुंचे। उसके बाद शुक्रवार देर शाम राई थाना की राजीव गांधी एजुकेशन सिटी चौकी में पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने उनका मेडिकल कराकर देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया।
करीब आठ किलोमीटर चलना पड़ा पैदल
राकेश ने बताया कि हमला कर चोटिल करने के बाद जब ऑटो चालक व उसके साथ फरार हो गए तो वह रात को करीब आठ किलोमीटर पैदल चलकर कुंडली अपने दोस्त के पास पहुंचे। घटना से डरे होने के कारण उन्होंने उसे बाद में वारदात की जानकारी दी। जिसके बाद उसके दोस्त ने उनका उपचार कराने के बाद राई थाना में शिकायत दिलवाई।
ऑटो सवार तीन युवकों के साथ मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूटने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा। - इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई