मॉडल टाउन में स्कूटी सवार एक युवक ने एक महिला का पर्स झपटने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने युवक को घेर लिया। युवक स्कूटी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को कच्चे क्वार्टर क्षेत्र से काबू किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मॉडल टाउन में जैश पार्क के पास रहने वाली सुनीता ने बताया कि कच्चे क्वार्टर में बाजार को आने-जाने वाली महिलाएं अक्सर जैश पार्क के बराबर से होकर निकलती हैं। कई दिन से एक स्कूटी सवार युवक महिलाओं के पर्स झपटने का प्रयास कर रहा था। नीले रंग की स्कूटी सवार युवक ने 22 जून को गीता का पर्स छीन लिया था। शनिवार को फिर उसने एक महिला का पर्स छीन लिया था। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह फिर पार्क के चक्कर लगा रहा था। इस दौरान बाजार से जा रही एक महिला सरोज देवी के पर्स को झपटने का प्रयास किया। महिला ने शोर मचा दिया। लोगों ने युवक को घेर लिया। तभी वह एक महिला को धक्का देकर भाग गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को कच्चे क्वार्टर से काबू किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।