यमुना के पास मिमारपुर घाट के पास अल्टीमेट खनन कंपनी के मैनेजर पर हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया था। एक हमलावर ने उन पर तमंचे से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हो सका था। उसके बाद मैनेजर को पकड़कर पीटकर घायल कर दिया था। मैनेजर ने तीन हमलावरों की पहचान का दावा किया है। एक दिन बाद ही अज्ञात हमलावर इंचार्ज की हत्या कर फरार हो गए।
गांव मछरौला निवासी मोहित ने शनिवार देर शाम मुरथल थाना में मुकदमा दर्ज कराया था कि वह अल्टीमेट खनन कंपनी में मैनेजर है। खान पर 24 जून की रात को करीब 11:50 पर एक कार में पांच युवक पहुंचे थे। वह तमंचा व पिस्तौल लिए हुए थे। वह गाली देते हुए मैनेजर के केबिन में घुस आए और तमंचे से गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन फायर नहीं हो सका था। इस पर हमलावरों ने उसकी पिटाई की थी। उसने बचाव को शोर मचा दिया था। इस पर खनन पर काम करने वाले 10-12 कर्मचारी मैनेजर के केबिन के पास पहुंच गए थे। इस पर हमलावर अपनी सेंट्रो कार में बैठकर भाग निकले थे। मोहित ने बताया कि हमला करने वालों में बख्तावरपुर का विपिन और फोता और मेहंदीपुर का मौनी था। पुलिस ने तीन नामजद सहित पांच हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस उस मामले की जांच कर रही थी कि 25 जून की रात को अल्टीमेट खनन कंपनी के इंचार्ज जयदीप की हत्या हो गई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों मामलों में कोई संबंध तो नहीं है।
खनन कंपनी के मैनेजर ने एक दिन पहले पिटाई करने व हथियार लेकर आने के बाद धमकी देने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। दूसरे दिन स्टॉक पर इंचार्ज की हत्या कर दी गई है। पुलिस हत्या के मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है। जांच के बाद जल्द मामले से पर्दा उठा दिया जाएगा। -इंस्पेक्टर सुमित कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल