सोनीपत। जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को सभी आठ खंड कार्यालयों में ब्लॉक समिति के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के चुनाव कराए गए। इस दौरान मुरथल ब्लॉक समिति से झुंडपुर की आशा रानी चेयरपर्सन बनी तो जैनपुर के विनोद त्यागी के सिर वाइस चेयरमैन का ताज सजा। सोनीपत ब्लॉक समिति से नवीन 8 वोट से जीतकर चेयरमैन बने और पूनम देवी 1 वोट से वाइस चेयपर्सन बनी। खरखौदा ब्लॉक समिति में सर्वसम्मति से सतेंद्र रोहट को चेयरमैन व सविता रोहणा को वाइस चेयरपर्सन बनाया गया। गन्नौर ब्लॉक समिति से सोनू कुमार सर्वसम्मति से चेयरमैन बने। कृष्णा देवी को पर्ची डालकर चुनने के बाद वाइस चेयरपर्सन की कुर्सी मिली। वहीं राई, गोहाना, कथूरा व मुंडलाना ब्लॉक समिति की पहली बैठक में कोरम पूरा न होने के कारण यहां चुनाव स्थगित करने पड़े।
झुंडपुर की आशा रानी एक वोट से बनी चेयरपर्सन, विनोद त्यागी चार वोट से वाइस चेयरमैन
गांव झुंडपुर की आशा रानी के सिर मुरथल ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन का ताज सजा है। साथ ही गांव जैनपुर के विनोद त्यागी वाइस चेयरमैन बने। मुरथल खंड कार्यालय में एसडीएम सुरेंद्र दून की अध्यक्षता में ब्लॉक समिति के चेयरपर्सन व वाइस चेयरमैन का चुनाव कराया गया था। इस दौरान ब्लॉक समिति के सभी 25 सदस्यों ने ईवीएम पर वोट डाले। चेयरपर्सन के पद पर आशा रानी की एक वोट से व वाइस चेयरमैन के पद पर विनोद त्यागी की चार वोट से जीत हुई। इसके बाद उन्हें एसडीएम की तरफ से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। मुरथल ब्लॉक समिति में वाइस चेयरमैन का पद लगातार दूसरी बार गांव जैनपुर की झोली में गया है। इससे पहले वाइस चेयरमैन के पद पर जैनपुर के ही पवन शास्त्री निर्वाचित हुए थे।
मुरथल ब्लॉक समिति का चुनाव शनिवार दोपहर बाद एसडीएम सुरेंद्र दून की अध्यक्षता में कराया गया। इस दौरान चेयरपर्सन पद के लिए वार्ड नंबर 15 से आशा रानी व वार्ड नंबर 21 से नीलम ने नामांकन किया। इसके बाद आशा रानी को 13 व नीलम को 12 वोट मिले। इस पर चेयरपर्सन के लिए आशा रानी को विजेता घोषित किया गया। वहीं वाइस चेयरमैन का चुनाव में छह सदस्यों ने नामांकन किया। इनमें वार्ड नंबर 5 से अमित, वार्ड नंबर 10 से विकास कुमार, वार्ड नंबर 12 से विनोद त्यागी, वार्ड नंबर 19 से सुरेंद्र कुमार, वार्ड नंबर 22 से प्रवीन देवी, वार्ड नंबर 23 से प्रियव्रत ने नामांकन किया। इस दौरान जैनपुर के विनोद त्यागी को 9 वोट, विकास कुमार को 5 व सुरेंद्र कुमार को 5 वोट, अमित को 3, प्रवीन देवी को 2 व प्रियव्रत को 1 वोट हासिल हुआ। इस दौरान विनोद त्यागी को विजेता घोषित किया गया।
--
नवीन 8 वोट से जीतकर बने चेयरमैन व पूनम देवी 1 वोट से बनी वाइस चेयपर्सन
सोनीपत खंड कार्यालय में ब्लॉक समिति के चेयरमैन का ताज शनिवार को वार्ड नंबर 9 से नवीन के सिर पर सजा। नवीन ने वार्ड नंबर 18 से सचिन को 8 वोट से हराया। वाइस चेयरपर्सन के पद पर वार्ड नंबर 4 से पूनम देवी की एक वोट से जीत हुई। एसडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान सर्वसम्मति से चुनाव कराने का मौका दिया गया। दोनों पदों पर सहमति ने बनने पर चुनाव कराया गया।
चेयरमैन के पद पर वार्ड नंबर 9 से नवीन कुमार, वार्ड नंबर 18 से सचिन ने नामांकन किया। इसमें सभी 24 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। नवीन को 16 वोट मिले जबकि सचिन को 8 वोट मिले। इस पर नवीन को विजयी घोषित किया गया। इसके बाद वाइस चेयरमैन पद के लिए वार्ड नंबर 4 से पूनम देवी, वार्ड नंबर 5 से सुखबीर सिंह, वार्ड नंबर 12 से विकास शर्मा, वार्ड नंबर 13 से ज्योति, वार्ड नंबर 15 से सुदेश व वार्ड नंबर 21 से अनीता ने नामांकन किया। इस दौरान पूनम देवी को 7, ज्योति को 6, विकास शर्मा को 3, सुखबीर सिंह को 3, सुदेश को 4 व अनीता को 1 वोट मिला। पूनम देवी को एक वोट से जीत मिलने पर एसडीएम ने प्रमाण पत्र दिया।
खरखौदा में सर्वसम्मति से सतेंद्र रोहट चेयरमैन व सविता रोहणा बनी वाइस चेयरपर्सन
खरखौदा में खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में शनिवार को खरखौदा ब्लॉक समिति के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन पद का चुनाव करवाया गया। एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी ज्योति मित्तल की अगुवाई में दोनों ही पदों पर सर्वसम्मति बनी। ब्लॉक समिति के चेयरमैन वार्ड नंबर 23 से सतेंद्र रोहट व वाइस चेयरपर्सन वार्ड नंबर 14 से सविता रोहणा बनी। एसडीएम ज्योति मित्तल की अध्यक्षता में हुए चुनाव के 28 में से 26 सदस्यों की उपस्थिति दर्ज हुई। सभी सदस्यों रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम के समक्ष पंचायत समिति के चेयरपर्सन पद पर एकमत होकर सतेंद्र कुमार का नाम प्रस्तुत किया। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ज्योति मित्तल ने सदस्यों को उप प्रधान पद के लिए नामांकन करने को कहा, लेकिन इस दौरान पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा, पूर्व पंचायत समिति प्रधान राजबीर दहिया व उपाध्यक्ष रोहताश दहिया की अगुवाई में बैठक कर रोहणा निवासी सविता के नाम पर सर्वसम्मति बना ली गई। इस दौरान बीडीपीओ दीपिका शर्मा, पूर्व प्रत्याशी मीना नरवाल, दहिया खाप प्रधान सुरेंद्र दहिया, सरपंच प्रमोद, सरपंच विनोद व मनीष आदि मौजूद रहे।
-
सोनू कुमार सर्वसम्मति से बने चेयरमैन, कृष्णा देवी को पर्ची डालने के बाद मिली वाइस चेयरपर्सन की कुर्सी
गन्नौर पंचायत समिति के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए। चेयरमैन पद अनुसूचित जाति पुरुष के लिए आरक्षित था। सर्वसम्मति से वार्ड नंबर 13 के सोनू कुमार को चेयरमैन चुन लिया गया। वहीं वाइस चेयरमैन पद के लिए काफी घमासान देखने को मिला। उपप्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित था। सांसद रमेश कौशिक व विधायक निर्मल चौधरी सर्वसम्मति से ही उपप्रधान पद का चयन करने के पक्ष में थे, लेकिन वाइस चेयरमैन में सर्वसम्मति की बात सिरे न चढने के चलते चुनाव करवाया गया। चुनाव में वाइस चेयरमैन पद के लिए तीन दावेदार मैदान में उतरे। जिसमें वार्ड नंबर 11 से राजेश, वार्ड नंबर 14 से प्रदीप कुमार व वार्ड 21 से कृष्णा देवी शामिल रहे। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद कृष्णा देवी को 12, राजेश कुमार को 12 व प्रदीप कुमार को 4 वोट मिले, जबकि एक वोट नोटा को मिला। 12-12 वोटों के साथ कृष्णा देवी व राजेश कुमार को बराबर-बराबर वोट मिलने की वजह से उनके भाग्य का फैसला पर्ची डाल कर किया गया। पर्ची एसडीएम सुरेंद्र दून ने उठाई, जिसमें कृष्णा देवी के नाम से पर्ची निकली। इस आधार पर कृष्णा देवी को वाइस चेयरमैन निर्वाचित घोषित किया गया। इस मौके पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकिता वर्मा, जयप्रकाश, मार्केट कमेटी सचिव जितेंद्र, संजय कुमार, सतपाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
वाइस चेयरमैन कृष्णा देवी के परिवार में दूसरी बार आई चौधर
वाइस चेयरमैन कृष्णा देवी के परिवार में दूसरी बार चौधर आई है। इससे पहले उनके जेठ महाबीर चिरस्मी भी ब्लॉक समिति के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। कृष्णा देवी ने कहा कि गांवों के विकास के लिए वह मिलजुल कर काम करेंगी। नवनिर्वाचित चेयरमैन सोनू ने सभी को साथ लेकर क्षेत्र में विकास तेज करने की प्राथमिकता पर जोर दिया।
-
राई, मुंडलाना, कथूरा व गोहाना में कोरम पूरा न होने से स्थगित हुए चुनाव
राई, मुंडलाना, कथूरा व गोहाना ब्लॉक समिति की पहली बैठक में कोरम पूरा नहीं हो गया। चारों खंड कार्यालय में अधिकारियों नवनिर्वाचित पंचायत समिति के सदस्यों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन समय पर सदस्यों के न पहुंचने पर कोरम नहीं हो पाया। जिसके चलते प्रशासन की तरफ से चारों पंचायत समिति के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन को चुनाव स्थगित करने पड़े। आगामी बैठक के लिए तिथि निर्धारित कर पंचायत समिति के सदस्यों को सूचित कर दिया जाएगा और फिर से चुनाव कराया जाएगा।