गन्नौर। प्रधानावास मोहल्ले में झगड़े के बाद युवक की हत्या के मामले में गन्नौर थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुमित प्रधानावास मोहल्ला का रहने वाला है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि 30 जनवरी को गांव लल्हेड़ी कलां फिलहाल गांधी नगर निवासी राहुल ने शिकायत दी थी कि प्रधानावास मोहल्ला निवासी रामकिशन व उसके परिवार के सदस्यों ने उनके छोटे भाई अंकित की लाठी, डंडों व चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। राहुल का कहना था कि उनके छोटे भाई की दोस्ती प्रधानावास मोहल्ला के रहने वाले अंकित उर्फ मंकित के साथ थी। रामकिशन का परिवार अंकित उर्फ मंकित के परिवार से रंजिश रखता है। आरोप था कि रामकिशन के बेटे ने राहुल के भाई अंकित को अंकित उर्फ मंकित से दूर रहने की धमकी दे रखी थी। जिसके चलते देर रात मंकित के मकान के पास रामकिशन, उसकी पत्नी, बेटा व बेटी मिल कर अंकित पर लाठी डंडों व तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा देने के बाद मां-बेटी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।