सोनीपत। करनाल के घरौंड़ा में आयोजित हुए 10वें सब्जी एक्सपो कार्यक्रम में सोनीपत के किसानों ने अपनी धाक मनवाई। आधुनिक पद्धती से सब्जियां और फूल उगाने वाले सोनीपत के दो किसानों को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में प्रथम व द्वितीय स्थान दिया गया।
किसानों की आय को बढ़ाने उन्हें बागवानी को प्रोत्साहित करने को 10वां सब्जी एक्सपो कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सोनीपत बागवानी विभाग की तरफ से किसानों का डाटा मुख्यालय भेजा था। जिसमें दीपालपुर के अमित गुप्ता को सोनीपत जिले से प्रथम पुरस्कार दिया गया है। अमित गुप्ता करीब 60 से 70 एकड़ भूमि में विभिन्न प्रकार की विदेशी सब्जियां और फूल उगाते हैं। नेटहाउस के माध्यम से अमित गुप्ता लिलियम की खेती करते हैं। सूक्ष्म सिंचाई पद्धति का इस्तेमाल करने के साथ-साथ अमित गुप्ता सौर ऊर्जा का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं सरढ़ाना निवासी किसान कप्तान देवी को कार्यक्रम में दूसरा पुरस्कार दिया गया है। कप्तान देवी ने करीब दस साल पहले ही आधुनिक कृषि पद्धतियों का इस्तेमाल कर बागवानी शुरू की है। करीब चार एकड़ भूमि में कप्तान देवी स्ट्रॉबेरी का उत्पादन कर काफी मुनाफा कमा रही है।