हरियाणा के सोनीपत स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर ही नहीं विश्व पटल पर भी पहचान बनाई है। वाइकाटो विश्वविद्यालय, न्यूजीलैंड के विधि विभाग से डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के बीच ऑनलाइन माध्यम से अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुबंध हुआ है। वाइकाटो विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नेल क्विगली और डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विनय कपूर मेहरा ने अनुबंध पर ऑनलाइन डिजिटल हस्ताक्षर कर अनुबंध प्रक्रिया को पूरा किया।
कुलपति मेहरा ने बताया कि विवि के अंतरराष्ट्रीय विकास को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने, विश्वविद्यालय शैक्षणिक भागीदारी विकसित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान संस्थानों और विश्वविद्यालयों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
सांस्कृतिक, कलात्मक और शैक्षणिक आदान-प्रदान, छात्र विनिमय और अन्य संबंधित मामलों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध स्थापित कर विश्वविद्यालय ने विश्व पटल पर समझौता हस्ताक्षर कर पहचान बनाई है। दोनों संस्थान अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक छात्रवृत्ति और अनुसंधान को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। यह अनुबंध पारस्परिक सम्मान और अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव के सिद्धांतों के आधार पर संबंध विकसित करने के लिए दोनों संस्थाएं ने सहमति निर्धारित की।
अनुसंधान, प्रबंधन और शिक्षण कर्मचारियों के लिए अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से अनुबंध किया गया। इस अनुबंध से अनुसंधान, प्रकाशनों, अकादमिक शिक्षण संसाधनों और सामान्य रुचि की अन्य सामग्रियों का आदान-प्रदान किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली संगोष्ठियां, व्याख्यान, कार्यशालाओं और सम्मेलनों सहित संयुक्त गतिविधियों में दोनों संस्थाओं के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे।
प्रो. मेहरा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अब तक 11 संस्थानों से अनुबंध किया है। एमओयू से विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों का फायदा मिला है। प्रदेश का एक मात्र ऐसा विधि विश्वविद्यालय है जो राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थानों से एमओयू करके बच्चों में अनुसंधान, अंतरराष्ट्रीय लॉ की समझ विकसित कर रहा है।
वाइकाटो विश्वविद्यालय, न्यूजीलैंड के कुलपति प्रो. नेल क्विगली ने बताया कि भारत में जाकर हमारे विद्यार्थी को अनुसंधान व शैक्षणिक गतिविधियों के साथ वहां की संस्कृति भी सीखने को मिलेगी। दोनों संस्थान समझौता ज्ञापन की सभी शर्तों पर कार्य करेंगे।