दिल्ली के रहने वाले उद्योगपति ने महिला, उसके बेटे और प्रॉपर्टी डीलर पर उसे किसी अन्य की फैक्टरी किराये पर देकर लाखों रुपये ऐेंठने का आरोप लगाया है। उसने एसपी को शिकायत देकर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली के प्रीतमपुरा निवासी प्रेम लाल ने एसपी को बताया कि उसे कुंडली में मोबाइल एसेसरीज की फैक्टरी खोलनी थी। इसके लिए उसे किराये पर फैक्टरी लेनी थी। इस दौरान उसकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर दिल्ली निवासी मनोज से हुई। उसने कुंडली सेक्टर-56 में उसे एक फैक्टरी किराये के लिए खाली बताई। मनोज ने उनका परिचय दिल्ली के रमन से कराया था और उसे फैक्टरी का मालिक बताया था। प्रेमपाल ने बताया कि उन्होंने मनोज पर विश्वास कर 4 लाख 91 हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से पांच साल के लिए फैक्टरी को किराये पर लिया। उन्होंने 15 लाख रुपये सिक्योरिटी के रूप में दिए। उसने मरम्मत पर भी लाखों खर्च किए। इसके बाद जब आरोपियों से किराये का पट्टा मांगा गया तो उन्होंने फर्जी कागजात सौंप दिए। उसे इकरारनामा नहीं दिया गया। जांच में यह संपत्ति किसी अन्य के नाम मिली। उसे फर्जीवाड़े के बारे में सच्चाई पता लगी। उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी धमकी देने लगे। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।