फोटो 36: सोनीपत के गांव डबरपुर में पहुंची कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम। स्रोत: विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। गांव डबरपुर में पराली जलाने के मामले में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए किसान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। विभाग की टीम ने मौके पर जांच के दौरान करीब 4.5 एकड़ में पराली जली हुई पाई। इसके बाद गांव पुरखास राठी के किसान सुरेश पर जुर्माना लगाते हुए उसकी मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रेड एंट्री भी कर दी गई।
खंड कृषि अधिकारी डॉ. आनंद सिंह ने बताया कि कृषि विभाग को 15 नवंबर को सैटेलाइट के माध्यम से डबरपुर गांव के खेतों में पराली जलाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने पटवारी और ग्राम सचिव के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच में पराली जलाने की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि खेतों में पराली जलाने की घटनाओं पर विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर किसानों पर नियमानुसार जुर्माना, एफआईआर दर्ज और रेड एंट्री करने की कार्रवाई भी की जा रही है। रेड एंट्री होने पर किसान दो साल तक मंडी में अपनी फसल नहीं बेच सकेगा और विभाग की योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पाएगा।